ग्रेटर नोएडा,
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और दादरी तहसील की कार्यप्रणाली पर जताया रोष, ‘डेरा डालो-घेरा डालो’ आंदोलन की दी चेतावनी
ग्रेटर नोएडा के बिरोंडी गांव में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आगामी आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में किसानों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी गई कि यदि संबंधित विभागों ने समय रहते कार्रवाई नहीं की तो व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बैठक में भाकियू गौतमबुद्धनगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि किसानों के वैध कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित रखा जा रहा है, जिससे किसानों में भारी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन किसानों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी यह लड़ाई पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगी।
दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी सहित अन्य वक्ताओं ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि किसानों के विकास एवं जनहित से जुड़े कार्य समय पर नहीं किए जा रहे हैं। साथ ही दादरी तहसील में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार और किसानों को होने वाली परेशानियों पर भी चिंता व्यक्त की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और दादरी तहसील के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसके तहत “डेरा डालो, घेरा डालो” अभियान चलाया जाएगा, जिसमें किसान संबंधित कार्यालयों के बाहर अस्थायी डेरा डालकर अपनी मांगों के समाधान तक धरना देंगे। आंदोलन की विस्तृत रणनीति जल्द घोषित की जाएगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बैठक में जिला उपाध्यक्ष अनिल खारी, नितिन भाटी, अभिषेक कसाना, टीनू भाटी, अनूप नागर, सुमित कसाना, प्रियांशु कसाना, यादराम नेताजी, विनोद अधाना, रामपाल नेताजी, अरुण भाटी, मनवीर भाटी, श्री पहलवान, महिपाल भाटी, चमन भाटी, विकास भाटी, हरीश बिधूड़ी, सुमित तंवर, अंशुल बिधूड़ी, विपिन तंवर, दीन मोहम्मद, कपिल तंवर, मनित नागर सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता कुंवर पाल तेवतिया ने की, जबकि संचालन आजाद सैफी ने किया। अंत में किसानों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लोकतांत्रिक तरीके से लड़ने और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।






