बुलंदशहर: पैसों के लेनदेन के विवाद ने लिया हिंसक रूप, फायरिंग व मारपीट में दो की मौत, 6 आरोपी हिरासत में
बुलंदशहर। जनपद के थाना सिकन्द्राबाद क्षेत्र के गांव निजामपुर में पैसों के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। घटना में फायरिंग और मारपीट के दौरान दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए छह नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उत्तम शर्मा ने निमित नामक युवक से कुछ रुपये उधार लिए थे। रुपये वापस मांगने पर दोनों के बीच फोन पर कहासुनी और गाली-गलौज हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के मित्र और बाद में परिजन भी इसमें शामिल हो गए।
बताया गया कि निजामपुर गेट पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जहां लाठी-डंडों के साथ फायरिंग भी हुई। इस दौरान अजबसिंह को गोली लग गई। वहीं सोनू नामक युवक कार की चपेट में आ गया। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान अजबसिंह और सोनू की मृत्यु हो गई। तीन अन्य घायलों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिस्टल, कार तथा घटनास्थल से खोखे कारतूस बरामद कर लिए हैं। मामले में नामजद छह आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद अंतिम संस्कार कराया जाएगा। क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं नियंत्रण में है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






