लोकतंत्र में आवाज़ दबाने से सच नहीं दबता: सोनम वांगचुक प्रकरण पर बोले भाकियू जिलाध्यक्ष अशोक भाटी, 21 जुलाई को किसान पंचायत का ऐलान
ग्रेटर नोएडा, भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) गौतम बुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने शिक्षाविद एवं पर्यावरणविद सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से अस्पताल ले जाने की घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतंत्र में किसी भी नागरिक की आवाज़ को दबाने से सच नहीं दबाया जा सकता। उन्होंने कहा कि युवाओं और छात्रों की बात सुनना तथा उनकी समस्याओं का लोकतांत्रिक तरीके से समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है।
अशोक भाटी ने कहा कि “लोकतंत्र में सवाल पूछना अपराध नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। किसी भी जनआंदोलन का समाधान संवाद और संवेदनशीलता से होना चाहिए, न कि टकराव से।” उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए और लोकतांत्रिक अधिकारों का पूरा सम्मान होना चाहिए।
उन्होंने बताया कि 21 जुलाई 2026 को संयुक्त किसान मोर्चा एवं भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय आह्वान पर जिला मुख्यालय एवं दादरी तहसील पर प्रदर्शन और किसान पंचायत आयोजित की जाएगी। इस दौरान किसानों की विभिन्न समस्याओं के साथ-साथ छात्रों से जुड़े इस मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
भाटी ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता की आवाज़ सुनने और संवाद के माध्यम से समाधान निकालने में है। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन किसानों, युवाओं और आम नागरिकों के लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव संघर्षरत रही है और आगे भी रहेगी।
उन्होंने सभी किसानों एवं संगठन के कार्यकर्ताओं से 21 जुलाई को आयोजित किसान पंचायत एवं प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर लोकतांत्रिक अधिकारों और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने की अपील की।






