जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न
उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित एवं स्थायी समाधान के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
गौतमबुद्धनगर, 
जनपद में औद्योगिक विकास को गति देने तथा उद्यमियों की समस्याओं के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनपद में निवेश के लिए बेहतर एवं अनुकूल वातावरण तैयार हो सके।
बैठक में उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण ने विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों की जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान जिलाधिकारी ने निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित सभी आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे निवेशकों एवं उद्यमियों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में जलभराव, विद्युत आपूर्ति, ट्रैफिक जाम, जर्जर सड़कें, अतिक्रमण, पार्किंग की कमी तथा जल निकासी जैसी प्रमुख समस्याओं को उठाया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी समस्याओं के समाधान के लिए आपसी समन्वय स्थापित करते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए कि प्राधिकरणों से संबंधित सभी लंबित समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ शीघ्र अलग बैठक आयोजित की जाए, ताकि उद्यमियों की समस्याओं का स्थायी एवं परिणामपरक समाधान सुनिश्चित हो सके।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि “औद्योगिक विकास तभी संभव है, जब प्रशासन और उद्योग जगत समन्वय एवं साझी जिम्मेदारी की भावना के साथ कार्य करें। उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि राज्य सरकार द्वारा संचालित उद्यमी हितैषी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा प्रत्येक पात्र उद्यमी तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बैठक में उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, विभिन्न प्राधिकरणों के अधिकारी, श्रम, सिंचाई, विद्युत एवं पुलिस विभाग के अधिकारी तथा उद्यमी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।






