रिजर्व पुलिस लाइन्स सूरजपुर से निकली रैली, सूरजपुर घंटा चौक, एलजी चौक और परी चौक होते हुए वापस पहुंची पुलिस लाइन्स
गौतमबुद्धनगर, 13 अगस्त 2026। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को सफल बनाने और आमजन में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया।
रैली का शुभारंभ अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) श्री अजय कुमार ने रिजर्व पुलिस लाइन्स, सूरजपुर से किया। तिरंगे से सजे दोपहिया वाहनों पर सवार पुलिसकर्मी पूरे उत्साह के साथ रैली में शामिल हुए। रैली रिजर्व पुलिस लाइन्स से प्रारंभ होकर सूरजपुर घंटा चौक, एलजी चौक होते हुए परी चौक पहुंची और इसके बाद वापस रिजर्व पुलिस लाइन्स, सूरजपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
रैली का मुख्य उद्देश्य ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति नागरिकों को जागरूक करना, राष्ट्रध्वज के सम्मान के लिए प्रेरित करना तथा देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना रहा। रैली के दौरान पुलिसकर्मियों ने तिरंगा लहराते हुए आमजन को अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस तिरंगा बाइक रैली में विभिन्न थानों से 90 दोपहिया वाहनों पर कुल 180 पुलिसकर्मी, जिनमें 90 महिला एवं 90 पुरुष पुलिसकर्मी शामिल रहे। सभी पुलिसकर्मियों ने पूरे उत्साह के साथ तिरंगा लेकर देश की एकता, अखंडता, सम्मान और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया गया।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने कहा कि पुलिस विभाग जनसेवा, सुरक्षा और नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंधों को प्राथमिकता देते हुए अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन कर रहा है। नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ सामाजिक एवं राष्ट्रीय अभियानों में भी पुलिस की सक्रिय भागीदारी जारी रहेगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
रैली के दौरान पुलिसकर्मियों में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे मार्ग में राष्ट्रभक्ति का माहौल नजर आया।
इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त लाइन्स डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त लाइन्स श्री आर.के. गौतम, एसीपी-3 सेंट्रल नोएडा श्री राजीव कुमार गुप्ता सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।






