एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने पुलिसकर्मियों को दिलाई राष्ट्र की एकता-अखंडता की शपथ, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिसकर्मी हुए सम्मानित
हाथरस, 
80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जनपद हाथरस पुलिस द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। रिजर्व पुलिस लाइन हाथरस में आयोजित मुख्य समारोह में पुलिस अधीक्षक श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके पश्चात उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक श्री रामानंद कुशवाहा, क्षेत्राधिकारी नगर श्री हिमांशु माथुर, क्षेत्राधिकारी लाइन श्री डी.के. सिंह, क्षेत्राधिकारी कार्यालय श्री योगेंद्र कृष्ण नारायण, प्रतिसार निरीक्षक श्री राजकुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
राष्ट्र की एकता और अखंडता की दिलाई शपथ
ध्वजारोहण के बाद पुलिस अधीक्षक श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संकल्प पत्र पढ़कर भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतांत्रिक गणराज्य बनाए रखने, आपसी भाईचारा एवं बंधुता की भावना को मजबूत करने तथा मतभेदों को शांतिपूर्ण तरीके से दूर करने की शपथ दिलाई।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिसकर्मियों एवं जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों के त्याग, तपस्या एवं बलिदान को नमन किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से सत्यनिष्ठा एवं पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सुरक्षित, सशक्त एवं समृद्ध राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
“स्वतंत्रता स्वच्छंदता नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का नाम है”
एसपी श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता का अर्थ स्वच्छंदता नहीं है कि हमें मनमानी करने की छूट मिल जाए। हम जहां भी रहें, अपने कर्तव्यों का निर्वहन इस प्रकार करें कि उससे राष्ट्र मजबूत हो।
उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि कानून के दायरे में रहकर नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान एवं सहायता सुनिश्चित करना है। हमारे पूर्वजों ने त्याग और बलिदान देकर हमें ऐसा स्वतंत्र वातावरण प्रदान किया, जिसमें प्रत्येक नागरिक बिना किसी धर्म, जाति या अन्य भेदभाव के अपने जीवन को बेहतर बनाने का अवसर प्राप्त कर सकता है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने सभी से अपील की कि अपने-अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करें, ताकि देश को और अधिक सशक्त, सुरक्षित एवं सुंदर बनाया जा सके।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिसकर्मी सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिसकर्मियों को विभिन्न पदकों एवं प्रशस्ति-पत्रों से सम्मानित किया गया।
गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रदत्त अति उत्कृष्ट सेवा पदक से
- श्री अवधेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक, महिला शिकायत प्रकोष्ठ
- श्री कृष्णपाल तोमर, उपनिरीक्षक, ट्रैफिक पुलिस
को सम्मानित किया गया।
वहीं उत्कृष्ट सेवा पदक से
- श्री नागेन्द्र पाल सिंह, मुख्य आरक्षी ए.पी.
- श्री अमरदीप शर्मा, आरक्षी ड्राइवर

को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा अपर पुलिस महानिदेशक, आगरा जोन, आगरा द्वारा प्रदत्त सिल्वर पदक से
- मुख्य आरक्षी श्री अशोक कुमार
- महिला मुख्य आरक्षी शगूफा तौहिद
- आरक्षी मनु चौधरी
- आरक्षी अजय यादव
को सम्मानित किया गया।
इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक द्वारा उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अन्य पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत हुआ वृक्षारोपण
कार्यक्रम के समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मिष्ठान वितरित किया गया तथा सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। पूरे पुलिस लाइन परिसर में देशभक्ति और राष्ट्र गौरव का माहौल बना रहा।


