कवि गजेंद्र सोलंकी के ओजपूर्ण काव्य पाठ से गूंजा परिसर, शहीद नितिन कुमार की माता का हुआ सम्मान
गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (GBU) में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। समारोह में प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय कवि एवं गायक श्री गजेंद्र सोलंकी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके देशभक्ति से ओतप्रोत काव्य पाठ एवं गीतों ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और विश्वविद्यालय परिवार में राष्ट्रप्रेम का जोश भर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करने का दिन है, जिनके समर्पण से देश की स्वतंत्रता और संप्रभुता सुरक्षित है।
उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपनी ज्ञान, प्रतिभा, नवाचार और कौशल के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान दें तथा विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रप्रेम केवल शब्दों में नहीं, बल्कि कर्तव्यों के ईमानदार निर्वहन और समाज एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी में दिखाई देता है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
शहीद नितिन कुमार की माता को किया सम्मानित
समारोह का सबसे भावुक क्षण उस समय आया जब भारतीय सेना की 17 जाट रेजिमेंट के शहीद नितिन कुमार की माता जी को सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय परिवार ने उनके साहस, त्याग और समर्पण को नमन करते हुए श्रद्धापूर्वक सम्मान अर्पित किया। इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को याद किया।
गजेंद्र सोलंकी के काव्य पाठ ने जगाया राष्ट्रप्रेम
मुख्य अतिथि श्री गजेंद्र सोलंकी ने अपने संबोधन एवं ओजपूर्ण देशभक्ति कविताओं के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का बोध कराया। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसकी युवा पीढ़ी है और युवाओं को अपने ज्ञान, संस्कार एवं कर्म के माध्यम से देश को मजबूत बनाने का संकल्प लेना चाहिए।
उनके काव्य पाठ एवं गीतों से पूरा विश्वविद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से सराबोर हो गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
तिरंगा रैली में दिखा देशभक्ति का जोश
स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय परिसर में भव्य तिरंगा रैली भी निकाली गई। विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक रैली में भाग लिया। इस दौरान देशभक्ति के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत हुआ पौधरोपण
पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। विश्वविद्यालय परिवार ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के निर्माण का संकल्प लिया।
समारोह के दौरान राष्ट्रगान, देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं विभिन्न गतिविधियों ने कार्यक्रम को विशेष रूप से आकर्षक बना दिया। पूरे परिसर में तिरंगे की शान और देशभक्ति का उत्साह दिखाई दिया।
गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय का यह स्वतंत्रता दिवस समारोह राष्ट्रप्रेम, वीरों के सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रेरणादायी संदेश देते हुए संपन्न हुआ।


