बोले—आजादी को अक्षुण्ण रखने के लिए 140 करोड़ भारतीयों को अपने-अपने क्षेत्र में देना होगा योगदान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को अपने सरकारी आवास 5, कालिदास मार्ग पर ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों, राष्ट्रनायकों और देश की सीमाओं एवं आंतरिक सुरक्षा के लिए बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी का अर्थ केवल राजनीतिक स्वतंत्रता नहीं, बल्कि अराजकता, पिछड़ेपन, गरीबी, अशिक्षा और असमानता से भी पूर्ण मुक्ति है। स्वतंत्रता दिवस हमें केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं देता, बल्कि राष्ट्र निर्माण में अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की प्रेरणा भी देता है।
हर नागरिक को निभानी होगी अपनी जिम्मेदारी
सीएम योगी ने कहा कि देश को मिली आजादी को लंबे समय तक अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए किसी एक व्यक्ति, जाति या संप्रदाय की नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतवासियों की समान भागीदारी आवश्यक है। प्रत्येक नागरिक को अपने-अपने क्षेत्र में पूरी निष्ठा के साथ योगदान देना होगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने कहा कि वर्ष 1947 में देश के सामने अराजकता, अशिक्षा, पिछड़ापन और असमानता जैसी अनेक चुनौतियां थीं। बीते दशकों में इन समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढांचे और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
देश को कमजोर करने वाली ताकतों से रहना होगा सतर्क
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए सभी नागरिकों को उन ताकतों से सतर्क रहना होगा, जो भारत की एकता और विकास को कमजोर करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि गरीब, युवा, महिला और किसान को केंद्र में रखकर किए जा रहे प्रयासों से समाज के विभिन्न वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिली है।
उन्होंने कहा कि मिशन रोजगार, आधुनिक तकनीक, नए शिक्षण संस्थानों, मेडिकल कॉलेजों, एम्स, रेलवे कनेक्टिविटी, मेट्रो, रैपिड रेल और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन जैसी सुविधाओं के विस्तार से देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वीर स्वतंत्रता सेनानियों और जवानों को किया नमन
सीएम योगी ने महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल, डॉ. भीमराव आंबेडकर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस सहित देश के महान राष्ट्रनायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने मंगल पांडेय, रानी लक्ष्मीबाई, धनसिंह कोतवाल सहित उन सभी वीर क्रांतिकारियों को याद किया, जिन्होंने विदेशी दासता से मुक्ति के लिए संघर्ष किया।
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्र भारत की सुरक्षा के लिए बलिदान देने वाले जवानों को भी नमन किया और कहा कि राष्ट्र उनकी वीरता और त्याग को हमेशा याद रखेगा।
कीर्ति चक्र विजेता इंस्पेक्टर सुनील कुमार को दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस के जांबाज इंस्पेक्टर सुनील कुमार के बलिदान को भी याद किया, जिन्हें कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी बनाने के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति के वीरता पुरस्कार से सम्मानित उत्तर प्रदेश के अन्य अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को भी बधाई दी।
अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना होगा। सामूहिक प्रयास और राष्ट्रहित की भावना के साथ ही भारत की स्वतंत्रता और विकास की यात्रा को अनंत काल तक और अधिक गौरवशाली बनाया जा सकता है।


