रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 300 किलो पनीर नष्ट; 8 नमूने जांच को भेजे
नोएडा-ग्रेटर नोएडा में दूध व दुग्ध उत्पादों पर चला अभियान, मिलावट के खिलाफ खाद्य विभाग की कार्रवाई जारी
गौतमबुद्धनगर, 23 अगस्त 2026। आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए जनपदवासियों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर विभागीय अधिकारियों द्वारा दूध एवं दूध से बने उत्पादों की गुणवत्ता की जांच के लिए लगातार नमूने संग्रहित किए जा रहे हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि इसी क्रम में 22 अगस्त की रात्रि से 23 अगस्त 2026 तक जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने कार्रवाई करते हुए पनीर, दही, खोया और बूंदी के लड्डू समेत कुल 08 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल गुप्ता द्वारा 22 अगस्त की रात्रि डीएनडी फ्लाईओवर के पास किलोखरी, बुलंदशहर से दिल्ली सप्लाई के लिए ले जाए जा रहे पनीर का नमूना लिया गया। यह पनीर गजेंद्र द्वारा वाहन संख्या DL1LAN3223 से ले जाया जा रहा था।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
23 अगस्त को खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज की टीम ने सेक्टर-88 नोएडा मंडी स्थित कासिम पनीर भंडार से पनीर का नमूना लिया। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, विजय बहादुर पटेल एवं रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने तुगलपुर, ग्रेटर नोएडा स्थित आशिफ डेयरी से पनीर और दही के नमूने लिए। इसी क्रम में नॉलेज पार्क-2 स्थित इशिका डेयरी, जहां से आशिफ डेयरी को पनीर भेजा गया था, वहां से भी पनीर का नमूना संग्रहित किया गया।
इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह ने यथार्थ अस्पताल, ग्रेटर नोएडा के पास स्थित बीकानेर स्वीट्स से बूंदी के लड्डू और खोया के एक-एक नमूने लिए।
सबसे महत्वपूर्ण कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल गुप्ता एवं रितु सक्सेना की टीम द्वारा गढ़ी चौखंडी, नोएडा स्थित शौकीन डेयरी पर की गई। टीम ने वहां मेवात, हरियाणा से सप्लाई किया गया लगभग 300 किलोग्राम पनीर बरामद किया। पनीर का एक नमूना जांच के लिए लेने के बाद, प्रथम दृष्टया मानव उपयोग के लिए अनुपयुक्त प्रतीत होने पर शेष पनीर को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
विभाग के अनुसार सभी 08 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभागीय टीमों द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी जांच कराई जाएगी, ताकि जनपदवासियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें।
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।


