4 प्रतिशत आबादी के हक से वंचित 44 गांवों के किसानों का बड़ा ऐलान, 2 सितंबर को होगा पैदल मार्च
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र के 44 गांवों में 4 प्रतिशत आबादी के अधिकार से वंचित किसानों ने अब अपने हक की लड़ाई को निर्णायक मोड़ देने का ऐलान किया है। बुधवार को ग्रेटर नोएडा जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में किसानों ने घोषणा की कि 2 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे घोड़ी-बछेड़ा शहीद पार्क से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय तक शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला जाएगा।
किसानों ने स्पष्ट किया कि इस आंदोलन की खास बात यह होगी कि इसमें न किसी किसान यूनियन का झंडा होगा, न किसी राजनीतिक दल का बैनर और न ही किसी संगठन का नाम। 44 गांवों के पीड़ित किसान स्वयं एकजुट होकर अपने अधिकार की आवाज प्राधिकरण तक पहुंचाएंगे।
किसानों का कहना है कि हजारों परिवार लंबे समय से 4 प्रतिशत आबादी के लंबित अधिकार की मांग कर रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर जनप्रतिनिधियों और प्राधिकरण अधिकारियों के समक्ष कई बार अपनी मांग रखी जा चुकी है, लेकिन किसानों के मुताबिक उन्हें अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं और समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रेस वार्ता में किसानों ने कहा कि “अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, हमें अपना हक चाहिए। यह किसी नेता, राजनीतिक दल या किसान संगठन की लड़ाई नहीं, बल्कि 44 गांवों के पीड़ित किसानों और उनकी आने वाली पीढ़ियों के अधिकार की लड़ाई है।”
किसानों ने बताया कि 2 सितंबर को पैदल मार्च के जरिए प्राधिकरण कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन में 4 प्रतिशत आबादी से संबंधित सभी लंबित मामलों का समयबद्ध और स्थायी निस्तारण करने की मांग की जाएगी।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि शांतिपूर्ण मार्च और ज्ञापन के बाद भी उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। किसानों ने यह भी कहा कि लगातार अनदेखी होने की स्थिति में आगामी विधानसभा चुनाव में संबंधित जनप्रतिनिधियों के प्रति लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने के विकल्प पर भी विचार किया जाएगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
44 गांवों के किसानों से एकजुट होने की अपील
आंदोलन से जुड़े किसानों ने 44 गांवों के प्रभावित परिवारों, बुजुर्गों और युवाओं से अपील की कि वे 2 सितंबर को सुबह 10 बजे घोड़ी-बछेड़ा शहीद पार्क पहुंचकर शांतिपूर्ण पैदल मार्च में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों।
किसानों ने कहा कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित और संवैधानिक तरीके से अपने अधिकार की मांग को लेकर किया जाएगा।
कार्यक्रम:
दिनांक: 2 सितंबर 2026
समय: प्रातः 10 बजे
प्रारंभ स्थल: घोड़ी-बछेड़ा शहीद पार्क, ग्रेटर नोएडा
गंतव्य: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय
मुख्य मांग: 44 गांवों के वंचित किसानों को 4 प्रतिशत आबादी का लंबित अधिकार दिलाना
“44 गांव—एक आवाज,
4 प्रतिशत आबादी—हमारा अधिकार।”


