सपा के भ्रष्टाचार का जीवंत स्मारक है जेपीएनआईसी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
राजनाथ सिंह के साथ सीएम योगी ने किया वीरांगना अवंतीबाई लोधी की भव्य प्रतिमा का लोकार्पण, बोले- जनता के पैसे पर डकैती की छूट नहीं
लखनऊ, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में वीरांगना अवंतीबाई लोधी की भव्य अश्वारोही प्रतिमा का लोकार्पण किया। इस अवसर पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे। प्रतिमा का लोकार्पण करने के बाद मुख्यमंत्री ने वीरांगना अवंतीबाई लोधी को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनके शौर्य और राष्ट्रभक्ति को नमन किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) को लेकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लखनऊ में बना जेपीएनआईसी सपा के भ्रष्टाचार का जीवंत स्मारक है। जयप्रकाश नारायण जैसे महान लोकतंत्र सेनानी के नाम पर बने केंद्र की दुर्दशा उनके नाम का अपमान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा शासनकाल में जेपीएनआईसी परियोजना की शुरुआती लागत करीब 200 करोड़ रुपये थी, लेकिन 864 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद यह परियोजना अधूरी रही। उन्होंने कहा कि जिस कार्य को 18 महीने में पूरा होना था, वह निर्धारित समय के बाद भी पूरा नहीं किया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जनता के पैसे पर डकैती की छूट नहीं
सीएम योगी ने कहा कि जेपीएनआईसी पर खर्च किए गए 864 करोड़ रुपये किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति के नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की जनता के हैं। जनता के पैसे पर किसी को डकैती डालने की छूट नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि सरकार ने पूर्व में गठित कमेटी को भंग कर जेपीएनआईसी को वापस लिया है और अब इसे लखनऊ विकास प्राधिकरण के मार्गदर्शन में संचालित कर जयप्रकाश नारायण की स्मृति को जीवंत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के साथ-साथ भ्रष्टाचार और बेईमानी के खिलाफ भी जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। सरकार द्वारा खर्च की गई धनराशि की वसूली के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
‘दंगा-कर्फ्यू सपा की पहचान’
मुख्यमंत्री योगी ने सपा की राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि जाति के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति से प्रदेश का भला नहीं हो सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में दंगा और कर्फ्यू आम बात थी तथा सरकारी खजाने में लूट-खसोट की गई।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और महिलाओं तथा बेटियों की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा बनेगी प्रेरणा का केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरांगना अवंतीबाई लोधी का जीवन देश की स्वतंत्रता और नारी शक्ति के अदम्य साहस का प्रतीक है। उन्होंने मात्र 26 वर्ष की आयु में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में नेतृत्व करते हुए अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी।
उन्होंने कहा कि वीरांगना अवंतीबाई लोधी की भव्य अश्वारोही प्रतिमा भारतीय नारी की गरिमा, शौर्य और तेजस्विता का प्रतीक बनेगी और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति तथा साहस की प्रेरणा देगी।
तीन वीरांगनाओं के नाम पर महिला पीएसी बटालियन
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पीएसी को मजबूत करने के साथ बेटियों को भी नेतृत्व की भूमिका देने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में वीरांगनाओं ऊदा देवी, झलकारी बाई और अवंतीबाई लोधी के नाम पर तीन महिला पीएसी बटालियन गठित की गई हैं। इनमें एक लखनऊ, दूसरी गोरखपुर और तीसरी बदायूं में स्थापित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश की 50 हजार स्नातक अंतिम वर्ष की छात्राओं को रानी लक्ष्मीबाई के नाम पर स्कूटी प्रदान की जाएंगी। साथ ही 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा भी शुरू की गई है।
‘हम बटेंगे नहीं, तो कटेंगे भी नहीं’
वीरांगना अवंतीबाई लोधी के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री ने समाज की एकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महापुरुषों और वीरांगनाओं ने समाज को संगठित करने और राष्ट्र को मजबूत बनाने का कार्य किया है। हमें उनके आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए एकजुट रहना होगा।
उन्होंने कहा कि “हम बटेंगे नहीं, तो कटेंगे भी नहीं।” समाज की एकता, आपसी भाईचारा और राष्ट्रहित ही मजबूत भारत की आधारशिला है।
मुख्यमंत्री ने वीरांगना अवंतीबाई लोधी, अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के प्रति श्रद्धा और सम्मान की भावना आने वाली पीढ़ियों में भी जीवंत रहनी चाहिए।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल सहित भाजपा पदाधिकारी, लोधी महासभा के प्रतिनिधि, विधायक और बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।


