लखनऊ के विकास में सीएम योगी का सबसे बड़ा सहयोग: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
केंद्र और राज्य सरकार की सोच एक दिशा में होने से कई गुना बढ़ती है विकास की गति, लखनऊ छावनी के लिए 101 करोड़ की 12 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास
लखनऊ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को लखनऊ छावनी क्षेत्र के विकास को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि लखनऊ में हुए विकास कार्यों में मुख्यमंत्री का सबसे बड़ा सहयोग रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जो कहा, उसे पूरा करके दिखाया है। लखनऊ के विकास से जुड़े प्रत्येक कार्य में उन्होंने दिल खोलकर सहयोग किया और समय-समय पर परियोजनाओं की समीक्षा भी की।
रक्षामंत्री लखनऊ छावनी के लिए करीब 101 करोड़ रुपये की लागत वाली 12 विकास परियोजनाओं के शिलान्यास एवं भूमि पूजन कार्यक्रम के अवसर पर जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की सोच एक दिशा में होने पर विकास कार्यों की गति स्वाभाविक रूप से कई गुना बढ़ जाती है।
विकास और सुशासन में नए मानदंड स्थापित करेगा उत्तर प्रदेश
राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार, रक्षा मंत्रालय और उद्योग जगत मिलकर प्रदेश के विकास को नई गति दे रहे हैं। उत्तर प्रदेश आने वाले समय में विकास और सुशासन के क्षेत्र में नए मानदंड स्थापित करता रहेगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बात को गंभीरता से सुना जाता है और वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा लगातार मजबूत हुई है।
रक्षामंत्री ने कहा कि विकसित भारत का अर्थ केवल बड़ी-बड़ी परियोजनाएं और आधुनिक इमारतें बनाना नहीं है। इसका वास्तविक अर्थ है कि हर बच्चे को बेहतर शिक्षा, हर परिवार को स्वच्छ पेयजल, युवाओं को खेल और प्रतिभा प्रदर्शन के अवसर तथा दिव्यांग बच्चों को समान अवसर उपलब्ध हों। विकसित भारत का लाभ बड़े शहरों से लेकर हर मोहल्ले, बस्ती और परिवार तक पहुंचना चाहिए।
छावनी क्षेत्रों में अब पांच मंजिल तक निर्माण की अनुमति
रक्षा मंत्री ने कहा कि समय के साथ शहरों और लोगों की जरूरतें बदलती हैं, इसलिए विकास के लिए नियमों में आवश्यक बदलाव भी किए जाने चाहिए। लखनऊ सहित छावनी क्षेत्रों में नई व्यवस्था लागू की गई है। जहां पहले तीन मंजिल तक निर्माण की अनुमति थी, अब पांच मंजिल तक निर्माण की अनुमति दी गई है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने कहा कि लखनऊ छावनी अपनी ऐतिहासिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं के साथ विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगी।
ब्रिटिश काल के बाजारों को मिली नई पहचान
राजनाथ सिंह ने कहा कि विकास केवल नई इमारतें बनाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इससे शहर की पहचान और गौरव भी मजबूत होना चाहिए। लखनऊ छावनी में ब्रिटिश काल से चले आ रहे कुछ बाजारों के नाम बदलकर स्वतंत्रता संग्राम, सामाजिक चेतना और राष्ट्रसेवा से जुड़े महापुरुषों के नाम पर किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि यह बदलाव शहर की ऐतिहासिक और राष्ट्रीय चेतना को नई पहचान देने का कार्य करेगा।
12 परियोजनाएं नहीं, लखनऊ छावनी के विकास के 12 संकल्प
रक्षामंत्री ने कहा कि लखनऊ छावनी के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। करीब 101 करोड़ रुपये की 12 विकास परियोजनाएं केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि लखनऊ कैंट के उज्ज्वल भविष्य के प्रति 12 संकल्प हैं।
इन परियोजनाओं के माध्यम से स्वच्छ छावनी, बेहतर जलापूर्ति, बच्चों के बेहतर भविष्य, युवाओं को खेल सुविधाएं, नागरिकों को सम्मानजनक मूलभूत सुविधाएं और आधुनिक तकनीक से युक्त छावनी विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से लखनऊ छावनी को आधुनिक सुविधाओं से लैस करते हुए उसकी ऐतिहासिक विरासत को भी संरक्षित रखा जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन के क्षेत्र में देश के लिए नए मानदंड स्थापित करता रहेगा।


