दादरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चैन स्नैचिंग का आरोपी गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस व लूटी गई चैन का टुकड़ा बरामद
लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस ने दबोचा शातिर आरोपी, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद
ग्रेटर नोएडा। थाना दादरी पुलिस ने चैन स्नैचिंग की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, लूटी गई चैन का टुकड़ा तथा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त 2026 को एक आवेदक ने थाना दादरी में तहरीर देकर अपनी दादी के साथ चैन स्नैचिंग की घटना की सूचना दी थी। तहरीर के आधार पर थाना दादरी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
इसी क्रम में 2 सितंबर 2026 को थाना दादरी पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की सहायता से कार्रवाई करते हुए चैन स्नैचिंग की घटना में शामिल आरोपी मोहित पुत्र अयोध्या प्रसाद, उम्र करीब 22 वर्ष, को रूपवास बाईपास, थाना दादरी से गिरफ्तार कर लिया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस .315 बोर, मुकदमे से संबंधित पीली धातु की चैन का एक टुकड़ा तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या DL11K4343 बरामद की है।
पूछताछ में साथी के साथ वारदात करना कबूला
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब 10-12 दिन पूर्व उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर इसी मोटरसाइकिल से जीटी रोड, दादरी पर एक महिला के गले से चैन छीनी थी। पुलिस अब आरोपी के फरार साथी की तलाश में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से ग्राम अमरमऊ, थाना शायेगढ, जिला शायेगढ, मध्य प्रदेश का निवासी बताया गया है और वर्तमान में संजय कॉलोनी, अर्थला, थाना साहिबाबाद, जिला गाजियाबाद में रह रहा था।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आरोपी के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना दादरी में चैन स्नैचिंग से संबंधित मुकदमे के अलावा आयुध अधिनियम के तहत भी अभियोग पंजीकृत किया गया है।


