चित्रकूट में सीएम योगी ने बाढ़ पीड़ितों के दर्द पर लगाया मरहम, बांटी राहत सामग्री और ढहे मकानों के लिए दिए चेक
‘संकट की घड़ी में पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़ी है सरकार’ — सीएम योगी
किसान, व्यापारी और सामान्य वर्ग समेत हर प्रभावित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा
चित्रकूट, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को एक दिवसीय दौरे पर धर्मनगरी चित्रकूट पहुंचे, जहां उन्होंने मंदाकिनी नदी की बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई एवं जमीनी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
रामायण मेला परिसर में आयोजित राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित लोगों को राशन किट एवं अन्य राहत सामग्री वितरित की। पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के तीन लाभार्थियों मुकेश, लल्लू और चुन्नीलाल को मुख्यमंत्री ने प्रत्येक को 1 लाख 20 हजार रुपये की सहायता राशि के चेक प्रदान किए। इसके साथ ही राम सूरज और सूरज कली को भूमि आवंटन प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।
हर प्रभावित परिवार को मिलेगी पूरी मदद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रदेश सरकार पूरी मजबूती के साथ बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है। किसी भी प्रभावित व्यक्ति को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। सरकार द्वारा किसान, व्यापारी और सामान्य वर्ग समेत सभी प्रभावित लोगों को बिना किसी भेदभाव के हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत एवं बचाव कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं और पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से आगे बढ़ाया जाए।
प्रशासन करा रहा सर्वे, अन्य प्रभावितों को भी जल्द मिलेगी सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परिवारों के मकान बाढ़ में क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनका प्रशासन द्वारा सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे पूरा होने के बाद पात्र प्रभावित परिवारों को नियमानुसार आर्थिक सहायता और पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
त्वरित राहत मिलने से बाढ़ पीड़ितों में दिखी खुशी
मुख्यमंत्री द्वारा मौके पर पहुंचकर राहत सामग्री और सहायता उपलब्ध कराए जाने से बाढ़ प्रभावित लोगों में खुशी देखने को मिली। पीड़ित परिवारों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि संकट की घड़ी में सरकार और प्रशासन ने जिस तेजी से राहत पहुंचाई, उससे उन्हें काफी सहारा मिला है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सीतापुर मलकाना क्षेत्र की रानी और मंजू ने बताया कि बाढ़ में उनका घर डूब गया और घरेलू सामान नष्ट हो गया। राहत किट मिलने से उन्हें तत्काल मदद मिली है। वहीं कटरा गूजर गांव की आशा ने बताया कि बाढ़ के पहले दिन से ही प्रशासन की ओर से खाने-पीने की व्यवस्था की जा रही है।
बाढ़ पीड़ित ज्ञान सिंह ने बताया कि उनका कच्चा मकान बाढ़ में ढह गया था। उन्हें राहत सामग्री के साथ मकान निर्माण के लिए सहायता का आश्वासन मिला है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के बाद स्थानीय प्रशासन के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को स्थिति को जल्द से जल्द सामान्य करने, राहत कार्यों में तेजी लाने तथा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के त्वरित दौरे और संवेदनशील पहल की चित्रकूट के बाढ़ प्रभावित लोगों एवं जनप्रतिनिधियों ने सराहना की और संकट की घड़ी में सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सहायता के लिए आभार व्यक्त किया।


