14 सितंबर को नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण की समस्याओं को लेकर होगी किसान पंचायत, राकेश टिकैत रहेंगे मौजूद
किसानों की लंबित मांगों को लेकर भाकियू ने कसी कमर, आंदोलन की तैयारियों को लेकर हुई बैठक
ग्रेटर नोएडा,भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय आह्वान पर आगामी 14 सितंबर 2026 को गौतमबुद्ध नगर के नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यमुना प्राधिकरण से जुड़ी किसानों की लंबित समस्याओं को लेकर किसान पंचायत आयोजित की जाएगी। पंचायत में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत भी मौजूद रहेंगे।
किसान पंचायत की तैयारियों एवं आंदोलन की रणनीति को लेकर भाकियू कार्यालय पर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता यादराम नेताजी ने की, जबकि संचालन नवीन कसाना ने किया।
बैठक में भाकियू नोएडा जिलाध्यक्ष अशोक भाटी, समन्वय समिति जिलाध्यक्ष राजीव मलिक, दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी, सिंह राज गुर्जर, अनिल खारी सहित संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में तीनों प्राधिकरणों से जुड़ी किसानों की विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
“लंबे समय से लंबित हैं किसानों की समस्याएं” — अशोक भाटी
भाकियू नोएडा जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर संगठन द्वारा पूर्व में भी नोएडा प्राधिकरण पर कई पंचायतें एवं आंदोलन किए जा चुके हैं, लेकिन कई महत्वपूर्ण समस्याओं का अभी तक समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि 14 सितंबर की किसान पंचायत में किसानों की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
किसानों की प्रमुख मांगें
किसान पंचायत में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण से संबंधित कई महत्वपूर्ण मांगें उठाई जाएंगी। इनमें—
- गांवों के अभिलेखों से नोएडा प्राधिकरण की प्रविष्टि हटाना।
- सलारपुर सहित सभी गांवों में गंगाजल की आपूर्ति।
- किसानों के लंबित 5 एवं 10 प्रतिशत भूखंडों का आवंटन।
- आबादी का निस्तारण “जहां है, जैसी है” के आधार पर करना।
- पीपी एक्ट के पुराने मुकदमे वापस लेना।
- वर्ष 1976 के पात्र किसानों को प्लॉट उपलब्ध कराना।
- स्थानीय युवाओं को कंपनियों एवं वेंडिंग जोन में रोजगार में प्राथमिकता देना।
- किसानों के बच्चों को निजी स्कूलों में फीस में रियायत दिलाना।
- निजी अस्पतालों में निःशुल्क ओपीडी एवं रियायती इलाज की सुविधा उपलब्ध कराना।
गांवों के विकास और मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा भी उठेगा
भाकियू नेताओं ने कहा कि किसान पंचायत में गांवों के शहरी तर्ज पर विकास का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। गांवों में बेहतर सड़क, सीवर, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, पार्क, खेल मैदान और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की जाएगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसके अलावा गांवों के सौंदर्यीकरण के लिए प्रवेश द्वार बनाने, आवश्यक स्थानों पर फुट ओवर ब्रिज का निर्माण, सभी गांवों में IGL गैस पाइपलाइन पहुंचाने, नए भूमि अधिग्रहण कानून के तहत भूमि अधिग्रहण तथा विद्युत विभाग में भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग भी पंचायत में रखी जाएगी।
किसानों को एकजुट करने की तैयारी
बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि 14 सितंबर की किसान पंचायत को सफल बनाने के लिए गांव-गांव संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। संगठन का प्रयास है कि अधिक से अधिक किसान पंचायत में शामिल होकर अपनी समस्याओं को मजबूती से प्रशासन और प्राधिकरण के सामने रखें।
बैठक में अनित भाटी, राजवीर भाटी, श्री पहलवान, मनवीर भाटी, चमन भाटी, विकास भाटी, रमेश फौजी, मानित नागर, अनूप नागर, अभिषेक कसाना, कमलजीत खारी, कर्मवीर मावी और विनोद अधाना सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


