विशाल लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज की तैयारियों का डीएम एवं एसपी ने लिया जायजा
मेला परिसर का भ्रमण कर पार्किंग, दंगल स्थल, दुकानों, झूलों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण; संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
विशाल लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज के भव्य एवं सकुशल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी हाथरस श्री अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से मेला परिसर का भ्रमण कर तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने पार्किंग स्थल, दंगल स्थल, प्रशासनिक शिविर, विभिन्न समुदायों एवं राजनीतिक दलों द्वारा लगाए जाने वाले शिविरों, दुकानों, झूलों तथा मेला परिसर में आने-जाने वाले मार्गों का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को मेला परिसर में साफ-सफाई, यातायात, पार्किंग, अग्निशमन, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा एवं आमजन की सुविधा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान अपर जिलाधिकारी वि./रा., उप जिलाधिकारी सदर, अग्निशमन अधिकारी श्री राजकुमार वाजपेयी, क्षेत्राधिकारी नगर श्री हिमांशु माथुर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर श्री सतेंद्र सिंह राघव सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिसकर्मियों को शालीन व्यवहार एवं सतर्क ड्यूटी के निर्देश
पुलिस अधीक्षक हाथरस ने निर्देशित किया कि मेला क्षेत्र में तैनात सभी पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं एवं आमजन के साथ सभ्य, शालीन एवं सेवाभावपूर्ण व्यवहार करें। किसी भी व्यक्ति के साथ दुर्व्यवहार कदापि न किया जाए। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर अधीनस्थ पुलिसकर्मियों से समन्वय स्थापित करें तथा अपनी ड्यूटी एवं दायित्वों की पूरी जानकारी प्राप्त करें।
उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को अच्छे टर्नआउट के साथ उत्साहपूर्वक, सतर्कतापूर्वक एवं सेवाभाव से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। भीड़ नियंत्रण के लिए सीटी का प्रयोग करने तथा सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने थानों में तैनात पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के संबंध में विधिवत ब्रीफिंग करने के लिए कहा गया, ताकि किसी भी पुलिसकर्मी को अपने कर्तव्यों को लेकर कोई भ्रम न रहे।
पुलिसकर्मियों को मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
यातायात एवं संचार व्यवस्था पर विशेष जोर
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मेला क्षेत्र में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल के साथ ट्रैफिक पुलिस की भी ड्यूटी लगाई गई है। मेला परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों से शीघ्र संपर्क स्थापित करने के लिए पुलिस की रेडियो शाखा के माध्यम से रेडियो संचार व्यवस्था विकसित की गई है।
महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात पुलिस बल को हैंडहेल्ड सेट के साथ रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त मेला क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर रूफटॉप ड्यूटी भी लगाई जाएगी, जिससे पूरे क्षेत्र पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
अग्निशमन, कंट्रोल रूम एवं निगरानी की विशेष व्यवस्था
मेला परिसर एवं मंदिर के आसपास अग्निशमन विभाग की गाड़ियां तैनात रहेंगी। इसके साथ ही फायर इंस्टीग्यूसर से लैस सचल दस्ता भी मंदिर परिसर के आसपास मौजूद रहेगा। आमजन एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
पब्लिक एड्रेस सिस्टम के साथ एक सचल दस्ता भी लगातार मेला क्षेत्र में मौजूद रहेगा, जो आवश्यकता पड़ने पर आमजन को आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराएगा। मंदिर परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
मेला क्षेत्र में सादे वस्त्रों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, जो संदिग्ध गतिविधियों एवं असामाजिक तत्वों पर सतर्क निगरानी रखेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के आसपास तथा मंदिर तक आने-जाने वाले मार्गों पर साइन बोर्ड एवं पार्किंग बोर्ड लगाए गए हैं।
विशाल लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज के आयोजन को सकुशल एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात तथा बेहतर व्यवस्थाओं के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।


