17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे सेवा, स्वच्छता, सांस्कृतिक एवं जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम
चित्रकला प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान एवं ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के माध्यम से जन-जन तक पहुंचेगा सेवा का संदेश
गौतमबुद्धनगर,
भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस 17 सितंबर से प्रारंभ होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सफल एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभागार में माननीय राज्यमंत्री, लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार एवं जनपद के प्रभारी मंत्री श्री बृजेश सिंह की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी मंत्री श्री बृजेश सिंह ने निर्देश दिए कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों से बेहतर समन्वय एवं सहयोग प्राप्त करते हुए सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, स्वयं सहायता समूहों तथा आम नागरिकों को अभियान से जोड़ा जाए। सेवा संकल्प अभियान को केवल विभागीय कार्यक्रमों तक सीमित न रखते हुए व्यापक जनअभियान का स्वरूप प्रदान किया जाए।
प्रभारी मंत्री ने प्रमुख शासकीय भवनों पर आकर्षक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अभियान से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सेवा, सुशासन, जनसंवाद एवं जनभागीदारी की भावना को और मजबूत करते हुए अभियान को प्रभावी बनाया जाए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
चित्रकला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के निर्देश
बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग को विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित कराने तथा उत्कृष्ट चित्रों की प्रदर्शनी लगाने के निर्देश दिए गए। जिला विद्यालय निरीक्षक को विद्यालयों, कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में अभियान से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कराते हुए विद्यार्थियों एवं युवाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा गया।
संस्कृति विभाग को कलाकारों के कार्यक्रमों के लिए स्थान एवं तिथियों का समय से निर्धारण करने के निर्देश दिए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा, राष्ट्र निर्माण, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकसित भारत के संकल्प का संदेश आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
‘सेवा की कहानी’ के माध्यम से उपलब्धियों का होगा प्रचार-प्रसार
प्रभारी मंत्री ने सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया। ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव एवं सफलता की कहानियों को वीडियो, फोटो एवं डिजिटल माध्यमों से जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अभियान से संबंधित कार्यक्रमों की फोटो एवं वीडियो विभागीय पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया। साथ ही, ‘सेवा की कहानी’ एवं रंगोली कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। रंगोली के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वच्छता, सेवा, विकसित भारत-2047 एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े संदेशों को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया जाएगा।
‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ में जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक वर्गों की सहभागिता
बैठक में ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा—विकसित भारत का संकल्प’ को प्रभावी ढंग से आयोजित करने के लिए संबंधित विभागों एवं तीनों प्राधिकरणों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से सेवा एवं विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जाए। यात्रा में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक वर्गों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि अभियान को व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हो सके।
स्वच्छता अभियान में श्रमदान के लिए किया जाएगा प्रेरित
स्वच्छता कार्यक्रमों में भी जनप्रतिनिधियों के सहयोग एवं समन्वय से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए गए। जनसामान्य, अधिकारी, कर्मचारी, युवा एवं सामाजिक संगठन श्रमदान में सहभागी बनेंगे। स्वच्छता अभियान के प्रभाव को प्रदर्शित करने के लिए अभियान से पूर्व एवं पश्चात की स्थिति के फोटो एवं वीडियो तैयार कर विभागीय पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे।
इसके अलावा ‘सेवा मेरा योगदान’ प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में जनपद से प्रतिभाग करने वाले लोगों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए। अभियान के समापन अवसर पर जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रभारी मंत्री श्री बृजेश सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यक्रमों की तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं तथा जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित करते हुए उनके सहयोग एवं सहभागिता से सेवा संकल्प अभियान को व्यापक एवं प्रभावी जनअभियान बनाया जाए।
बैठक में माननीय सांसद डॉ. महेश शर्मा, माननीय विधायक जेवर श्री धीरेंद्र सिंह, माननीय विधायक दादरी श्री तेजपाल नागर, माननीय विधान परिषद सदस्य श्री नरेंद्र भाटी, प्रशासक जिला पंचायत श्री अमित कुमार, जिला अध्यक्ष गौतमबुद्धनगर श्री अभिषेक शर्मा, जिला अध्यक्ष महानगर श्री महेश चौहान, जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर श्रीमती मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी श्री भाल चंद्र त्रिपाठी, एसीईओ नोएडा श्रीमती वंदना त्रिपाठी, एसीईओ ग्रेटर नोएडा श्रीमती प्रेरणा सिंह, प्रभारी जिला विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक डीआरडीए श्रीमती नेहा सिंह सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे


