छठें दिन भी जारी रहा किसानों का धरना-प्रदर्शन, महापंचायत में उमड़ा जनसैलाब
20 सितंबर तक समस्याओं के समाधान का अल्टीमेटम
मांगें पूरी नहीं हुईं तो 21 सितंबर को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में तालाबंदी की चेतावनी
ग्रेटर नोएडा,
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर किसानों का धरना-प्रदर्शन आज छठें दिन भी लगातार जारी रहा। धरना स्थल पर आयोजित किसान महापंचायत में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों की संख्या में किसान शामिल हुए। महापंचायत की अध्यक्षता बाबा बाली ने की, जबकि संचालन नंबरदार उम्मीद त्यागी एवं सुशांत भाटी ने किया।
महापंचायत को संबोधित करते हुए सुखबीर खलीफा ने कहा कि किसान 17 जुलाई से अपनी मांगों एवं समस्याओं को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन प्राधिकरण, जिला प्रशासन एवं सरकार किसानों की समस्याओं पर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। अभी तक किसानों से वार्ता के लिए कोई ठोस प्रस्ताव नहीं आया है। उन्होंने कहा कि किसानों की उपेक्षा का खामियाजा सरकार एवं प्राधिकरण को भुगतना पड़ेगा।
किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोरन प्रधान ने कहा कि किसान संघर्ष मोर्चा लगातार मजबूती के साथ आंदोलन कर रहा है। सरकार एवं प्राधिकरण किसानों की उपेक्षा करके बड़ी गलती कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसान इस बार 10 प्रतिशत आबादी के भूखंड का अधिकार प्राप्त किए बिना प्राधिकरण से हटने वाले नहीं हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वहीं, किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने कहा कि यह आंदोलन आर-पार की लड़ाई के उद्देश्य से किया जा रहा है। किसानों की समस्याओं का समाधान होने के बाद ही आंदोलन समाप्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महापंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन को 20 सितंबर तक किसानों की समस्याओं के समाधान का समय दिया जाएगा।
21 सितंबर को तालाबंदी की चेतावनी
महापंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि 20 सितंबर तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो 21 सितंबर को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में तालाबंदी की जाएगी। इसके बाद हजारों किसान प्राधिकरण परिसर में ही डटे रहेंगे और समस्याओं का समाधान होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
किसान नेताओं ने कहा कि किसानों की मांगें लंबे समय से लंबित हैं। बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। अब किसान किसी भी तरह की वादाखिलाफी बर्दाश्त नहीं करेंगे और अपने अधिकारों के लिए निर्णायक संघर्ष करेंगे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आज के धरना-प्रदर्शन एवं किसान महापंचायत को समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष सुधीर भाटी तथा कांग्रेस नेता दुष्यंत नागर ने भी समर्थन दिया।
महापंचायत को जयप्रकाश आर्य, उदल आर्य, पप्पू नागर, सचिन एडवोकेट, कुंवरपाल प्रधान, सुरेंद्र यादव, गोपाल यादव, गवरी मुखिया, मोहित दव, सुरेश यादव, सुरेश एडवोकेट, कपिल गुर्जर, निशांत रावल, सुधीर रावल, भोजराज रावल, महासचिव संदीप भाटी, अशोक भाटी, सुशील सुनपुरा, डॉ. जगदीश, मुकेश खेड़ी, मेटल खेड़ी, सतीश नेताजी खेड़ी, बिजेंद्र नागर, अजब सिंह भाटी सलारपुर, अजब सिंह भाटी जुनपत, जोगिंदर प्रधान सिरसा, पप्पू ठेकेदार, सुरेंद्र भाटी, अभय भाटी, जितेंद्र मैनेजर, जोगेंद्री देवी, रीना भाटी, रईसा बेगम, बाबा करतार, नरेश नागर एवं यतेंद्र एडवोकेट सहित अनेक किसान नेताओं ने संबोधित किया और आंदोलन को अपना समर्थन दिया।


