उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की प्रभावशाली प्रस्तुति
ड्रोन तकनीक, कृषि नवाचार, शोध, स्टार्टअप और उद्यमिता की पहल बनी आकर्षण का केंद्र
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के तीसरे दिन गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, गौतमबुद्धनगर के स्टॉल पर विश्वविद्यालय की तकनीकी उपलब्धियों, शोध, नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता से जुड़ी विभिन्न पहलों की प्रभावशाली प्रस्तुति की गई। ट्रेड शो जैसे प्रतिष्ठित मंच पर विश्वविद्यालय की तकनीकी एवं शोध आधारित गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाना संस्थान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि रहा।
विश्वविद्यालय के स्टॉल पर ड्रोन तकनीक, कृषि ड्रोन के प्रोटोटाइप तथा अटल इन्क्यूबेशन सेंटर की गतिविधियों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। इन परियोजनाओं के माध्यम से विश्वविद्यालय द्वारा तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने, शोध को व्यावहारिक उपयोग से जोड़ने तथा विद्यार्थियों और नवोदित उद्यमियों को नए अवसर उपलब्ध कराने के प्रयासों को प्रदर्शित किया गया।
स्टॉल पर विश्वविद्यालय की विभिन्न तकनीकी परियोजनाओं और नवाचारों के बारे में डा. अतुल एवं डा. ओमवीर सिंह द्वारा विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। बड़ी संख्या में ट्रेड शो में पहुंचे आगंतुकों ने विश्वविद्यालय के स्टॉल का अवलोकन किया और प्रदर्शित तकनीकों एवं परियोजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
विशेष रूप से ड्रोन तकनीक और कृषि क्षेत्र में इसके संभावित उपयोग ने आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया। कृषि सहित विभिन्न व्यावहारिक क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक के उपयोग की संभावनाओं को देखते हुए विश्वविद्यालय की इन पहलों को नवाचार और शोध की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर को और विशेष बनाया गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह के स्टॉल पर आगमन ने। कुलपति ने स्टॉल पर प्रदर्शित विभिन्न तकनीकी उपलब्धियों, शोध कार्यों, नवाचारों और अन्य परियोजनाओं का अवलोकन किया। उनके आगमन से स्टॉल पर मौजूद विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं एवं विश्वविद्यालय से जुड़े लोगों में उत्साह देखने को मिला।
विश्वविद्यालय की ट्रेड शो में भागीदारी ने उसकी शोध क्षमता, तकनीकी नवाचार, स्टार्टअप संस्कृति और उद्यमिता को व्यापक मंच प्रदान किया। साथ ही, विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को अपने तकनीकी विचारों एवं परियोजनाओं को उद्योग तथा समाज की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ने का अवसर भी मिला।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय की यह पहल शिक्षा, शोध और उद्योग के बीच संवाद को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे मंच युवा प्रतिभाओं को नए विचारों पर काम करने, प्रयोग करने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तकनीकी समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित करते हैं।
उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय की प्रभावशाली उपस्थिति ने यह संदेश दिया कि शोध और तकनीकी नवाचार को व्यावहारिक उपयोग से जोड़कर युवा प्रतिभाओं के लिए नए अवसर और संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं।


