बैकलीज, आवासीय भूखंड, 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा और रोजगार समेत विभिन्न मांगों को लेकर किसानों को किया लामबंद
ग्रेटर नोएडा। भारतीय किसान यूनियन (कृषक) की ओर से गांव अमरपुर में किसानों की बैठक एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिले सिंह प्रधान ने की, जबकि संचालन विक्रम नागर ने किया। बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं और आगामी 22 अक्टूबर को यमुना प्राधिकरण पर होने वाली महापंचायत को लेकर चर्चा की गई।
इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण नागर ने कहा कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के किसान लंबे समय से अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के सामने बैकलीज, आवासीय भूखंड, 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा, रोजगार सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दे हैं, जिनका समाधान किया जाना आवश्यक है।
कृष्ण नागर ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर संगठन लगातार गांव-गांव जाकर जनसंपर्क कर रहा है। इसी क्रम में अमरपुर में भी किसानों से संवाद किया गया और उन्हें आगामी 22 अक्टूबर को यमुना प्राधिकरण पर प्रस्तावित महापंचायत में पहुंचने का आह्वान किया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
संगठन के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष जीतू गुर्जर ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में विक्रम नागर को मेरठ मंडल प्रभारी नियुक्त किया गया। बैठक के दौरान सैकड़ों लोगों ने भारतीय किसान यूनियन (कृषक) की सदस्यता ग्रहण की।
बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने किसानों से एकजुट होकर अपने मुद्दों को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से उठाने का आह्वान किया और 22 अक्टूबर की महापंचायत को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क अभियान तेज करने की बात कही।
इस मौके पर प्रताप नागर, सतपाल नागर, जीतू गुर्जर, सरजीत नागर, मा. धीरज सिंह, जगराम सिंह, सरदा प्रधान, विजेंद्र आर्य, सोविंदर चेची, तुषार कौशिक सहित संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


