राहुल गांधी, प्रियंका गांधी व अन्य विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, निर्वाचन आयोग से जवाबदेही की मांग
गौतमबुद्ध नगर। जिला कांग्रेस कमेटी, गौतमबुद्ध नगर द्वारा गुरुवार को भारतीय लोकतंत्र के लिए ‘काला दिवस’ मनाते हुए जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सूरजपुर पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन में शामिल हुए।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा तथा अन्य विपक्षी नेताओं को निर्वाचन आयोग से जवाबदेही की मांग करते हुए शांतिपूर्वक जंतर-मंतर की ओर बढ़ने के दौरान रोका गया और हिरासत में लिया गया। इसी के विरोध में गौतमबुद्ध नगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपना आक्रोश जताया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में विरोध की तख्तियां लेकर ‘वोट चोरी बंद करो’, ‘वोट बचाओ–लोकतंत्र बचाओ’, ‘लोकतंत्र पर हमला बंद करो’, ‘संविधान का सम्मान करो’ और ‘निर्वाचन आयोग जवाब दो’ जैसे नारे लगाए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा, “आज हम काले कपड़े पहनकर केवल विरोध दर्ज कराने नहीं आए हैं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र की उस पीड़ा को अभिव्यक्त करने आए हैं, जो तब उत्पन्न होती है जब लोकतांत्रिक संस्थाओं से सवाल पूछने वाले जनप्रतिनिधियों को पुलिस के माध्यम से रोक दिया जाता है।”
उन्होंने कहा कि जनता के मताधिकार की रक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग करना लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं को शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ने से रोकना लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चिंता का विषय है।
दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने और लोकतांत्रिक संस्थाओं से जवाबदेही मांगने का अधिकार देता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की खूबसूरती सत्ता की ताकत में नहीं, बल्कि असहमति के सम्मान में निहित है। सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाएं और जनता का मताधिकार स्थायी हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों पर तथ्यात्मक और पारदर्शी जवाब देने की मांग की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं और ‘वोट चोरी’ के आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता का विश्वास कायम रहे।
जिला अध्यक्ष ने निर्वाचन आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग की प्रतिष्ठा उसकी निष्पक्षता, स्वतंत्रता और जवाबदेही से बनती है। गंभीर शिकायतों और आरोपों का समाधान राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से ऊपर उठकर स्पष्ट एवं प्रमाणिक तरीके से किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के काले कपड़े लोकतांत्रिक असहमति के प्रतीक हैं। कांग्रेस संविधान में विश्वास करती है और उसका विरोध शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटेगी।
संगठन प्रभारी मुकेश शर्मा ने मांग की कि निर्वाचन प्रक्रिया एवं मतदाता सूचियों से संबंधित शिकायतों की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए तथा निर्वाचन आयोग राजनीतिक दलों और जनता के समक्ष उठाए गए सवालों का तथ्यात्मक जवाब प्रस्तुत करे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि भारत के संविधान, प्रत्येक नागरिक के मताधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता की है। गौतमबुद्ध नगर कांग्रेस ने लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद
प्रदर्शन में अजय चौधरी, दुष्यंत नागर, मुकेश शर्मा, गौतम अवाना, विनोद पांडेय, निशा शर्मा, नीरज लोहिया, अशोक पंडित, शीबा राय, बिन्नू भाटी, सुरेन्द्र प्रताप, कल्पना सिंह, मोहम्मद तकी, महाराज सिंह, धर्म सिंह, रमेश जीनवाल, अरुण गुर्जर, विजय नागर, कपिल भाटी, मोहित भाटी एडवोकेट, पुनीत मावी, नितीश चौधरी, सुबोध भट्ट, नीरज शर्मा, विपिन त्यागी, अरविन्द रेक्सवाल, प्रिंस भाटी, प्रवीण रावल, अजब सिंह, धीरा सिंह, जतन सिन्हा, अब्दुल वाहिद, अनुराग भाटी एडवोकेट, गोल्डी, मोहम्मद इदरीशी, राहुल कश्यप, अनुज तिवारी, हेमंत भाटी, गिरीश शर्मा, अनुज भाटी, सुशिल मावी, प्रवीण बैंसला, जितेंदर नागर, निशांत भाटी, अंकित यादव, निशांत तंवर, सीपू कुमार, प्रदीप नागर, भूरा, कपिल नागर, सुनील भाटी, संजय फौजी, राजकुमार, नरेश मुखिया, अनित नागर, दिनेश शर्मा, संजय भाटी, आसिफ, शाहरुख, वेदप्रकाश, आजाद, पप्पू सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


