नवनिर्वाचित पार्षदों, उद्यमियों, समाजसेवियों और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का हुआ सम्मान, समाज में शिक्षा व महिला भागीदारी बढ़ाने पर जोर
भिवाड़ी, राजस्थान, अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के तत्वावधान में भिवाड़ी स्थित रीजेंसी होटल में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महासभा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. रूप सिंह गुर्जर द्वारा किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी एवं सोहना विधायक तेजपाल तंवर उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता बाबा मोहन राम ट्रस्ट के अध्यक्ष अमर भगत ने की।
कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व अतिथियों एवं महासभा के पदाधिकारियों ने गुर्जर समाज की आस्था के प्रमुख केंद्र मिलकपुर काली स्थित बाबा मोहन राम की पवित्र अमर ज्योति के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। इस दौरान आगामी 27 अक्टूबर को पटेल जयंती के अवसर पर दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होने वाली गुर्जर स्वाभिमान रैली की सफलता के लिए प्रार्थना की गई।
सम्मान समारोह में नवनिर्वाचित पार्षदों, उद्यमियों, समाजसेवियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों तथा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित व्यक्तियों को समाज के विकास में उनके योगदान के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने समाज में व्याप्त फिजूलखर्ची, दहेज प्रथा एवं मृत्यु भोज जैसी सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा को प्राथमिकता देना, युवाओं को व्यवसाय और रोजगार से जोड़ना तथा महिलाओं की सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भागीदारी बढ़ाना आवश्यक है। साथ ही समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि गुर्जर समाज को शिक्षा, सामाजिक एकता और आर्थिक आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने समाज के लोगों से आह्वान किया कि 27 अक्टूबर को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गुर्जर स्वाभिमान रैली को सफल बनाएं।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने बाबा मोहन राम को साक्षी मानकर गुर्जर स्वाभिमान रैली को सफल बनाने और समाज की एकजुटता को मजबूत करने का संकल्प लिया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार्यक्रम में कमल बिधूड़ी, महेश दायमा, रामकेश चपराना, सुंदर चौधरी, सत्यप्रकाश विकल, नामित भाटी, प्रेम कृष्ण आर्य, अरुण भाटी, गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी, दीपक भाटी एवं ओमप्रकाश नागर सहित अनेक प्रमुख लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा सतपाल गुर्जर, किशन नागर, भूरा बिधूड़ी, दयाराम बिधूड़ी, सूबे सिंह पार्षद, भिवाड़ी सभापति डॉ. गुंजन खटाणा, सुभिक्षा गुर्जर, पार्षद बाला नागर, सुनीता गुर्जर एवं अजीत दायमा सहित सैकड़ों जनप्रतिनिधियों, मातृशक्ति एवं सम्मानित क्षेत्रवासियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, सम्मानितजनों एवं समाज के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए सामाजिक एकता, शिक्षा और समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।


