टेक्सटाइल फेयर की सुरक्षा व्यवस्था पर डीसीपी ग्रेटर नोएडा की पैनी नजर, इंडिया एक्सपो मार्ट का किया निरीक्षण
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में सुरक्षा इंतजामों का लिया जायजा, भीड़ प्रबंधन और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी के दिए निर्देश
ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह एवं अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) के निर्देशन में डीसीपी ग्रेटर नोएडा श्री श्रवण कुमार सिंह ने इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित टेक्सटाइल फेयर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आयोजन स्थल का निरीक्षण करते हुए आगंतुकों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए गए इंतजामों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी ग्रेटर नोएडा ने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी की जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम में आने वाले आगंतुकों एवं प्रतिभागियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने प्रवेश एवं निकास द्वारों पर सतर्क निगरानी रखने, आगंतुकों के आवागमन को व्यवस्थित बनाए रखने तथा भीड़ प्रबंधन के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को तत्पर रहने और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
डीसीपी ने पुलिसकर्मियों को आगंतुकों और प्रतिभागियों के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया, ताकि आयोजन में शामिल होने वाले लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिल सके।
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा जनपद में आयोजित होने वाले विभिन्न आयोजनों एवं कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य आमजन, आयोजकों और प्रतिभागियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है।


