एसीईओ प्रेरणा सिंह ने विद्युत अभियांत्रिकी विभाग की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, दिवाली से पहले स्ट्रीट लाइट लगाने और चालू करने पर जोर
ग्रेटर नोएडा, 14 अक्टूबर 2026। आगामी दिवाली के त्योहार पर ग्रेटर नोएडा को रोशनी से जगमगाने के लिए प्राधिकरण ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर के सभी प्रवेश द्वारों और प्रमुख गोलचक्करों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न सेक्टरों, गांवों और पार्कों में भी स्ट्रीट लाइट लगाने का काम तेजी से पूरा कराया जाएगा।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने विद्युत अभियांत्रिकी विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिवाली से पहले स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य पूरा कर उन्हें चालू कर दिया जाए। उन्होंने शहर के प्रमुख स्थानों के साथ-साथ गांवों और सेक्टरों में भी प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर दिया।
बादलपुर और अस्तौली के बिजलीघरों का निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश
बैठक में बादलपुर और अस्तौली में निर्माणाधीन 33 केवी बिजलीघरों की प्रगति की समीक्षा की गई। दोनों बिजलीघरों के निर्माण की निर्धारित समयसीमा में अभी छह माह शेष हैं। एसीईओ ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और परियोजनाओं को तय समय से पहले पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
किसानों के छह प्रतिशत आबादी भूखंडों में नवंबर तक पूरे होंगे बिजली के कार्य
किसानों को आवंटित छह प्रतिशत आबादी भूखंडों में बिजली संबंधी कार्यों की समीक्षा करते हुए एसीईओ ने सभी काम नवंबर तक पूरे करने के निर्देश दिए। खैरपुर, खोदना खुर्द, पतवाड़ी, छोटी मिलक और इटैड़ा समेत कई गांवों में इन भूखंडों के क्षेत्रों में विद्युत संबंधी कार्य चल रहे हैं। प्राधिकरण का लक्ष्य निर्धारित समयसीमा में इन कार्यों को पूरा कराना है।
17 गांवों में दिवाली से पहले चालू होंगी स्ट्रीट लाइटें
तिलपता, कुलेसरा, छपरौला और खोदना खुर्द समेत 17 गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य प्रगति पर है। एसीईओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिवाली से पहले सभी प्रस्तावित लाइटें लगाकर चालू कर दी जाएं। इसके अलावा सेक्टर-2, सेक्टर-3 और सेक्टर-12 समेत अन्य सेक्टरों के पार्कों में भी स्ट्रीट लाइट लगाने को कहा गया, जिससे लोगों को बेहतर प्रकाश व्यवस्था मिल सके।
ड्रेन निर्माण कार्यों की भी हुई समीक्षा
बैठक में ड्रेन निर्माण से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। एसीईओ ने अधिकारियों को प्रस्तावित कार्यों की टेंडर प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बैठक में ड्रेन विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक मनोज कुमार सचान, विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक अजित भाई पटेल, अश्विनी चतुर्वेदी, सौरभ भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


