राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने किया समाज की एकजुटता का आह्वान, शिक्षा, युवा पीढ़ी के भविष्य और सामाजिक उत्थान पर हुई चर्चा
देवबंद (सहारनपुर)। मिरगपुर स्थित गुरु बाबा फकीरा दास सिद्ध पीठ प्रांगण में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के पदाधिकारियों का अभिनंदन समारोह एवं क्षेत्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया। युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष चौधरी के नेतृत्व में हुए सम्मेलन में समाज की एकजुटता, शिक्षा, युवा पीढ़ी के भविष्य और सामाजिक उत्थान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान आगामी 27 अक्टूबर को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होने वाली गुर्जर स्वाभिमान रैली को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आचार्य आजाद गुरु जी ने की, जबकि संचालन चेयरमैन भीम सिंह ने किया। सम्मेलन में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष केपी सिंह कसाना, रामकेश चपराना, जगबीर दौला, रामसिंह कसाना और गौतम बुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बाबा फकीरा दास के दर्शन कर लिया आशीर्वाद
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सम्मेलन के शुभारंभ से पहले सभी अतिथियों ने गुरु बाबा फकीरा दास के दर्शन किए और आगामी 27 अक्टूबर को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होने वाली गुर्जर स्वाभिमान रैली की सफलता के लिए प्रार्थना की। आयोजक समिति की ओर से अतिथियों का पुष्पमालाओं और पटकों से स्वागत किया गया। उन्हें बाबा फकीरा दास एवं गुर्जर सम्राट मिहिर भोज के प्रतीक चिह्न तथा गदा भेंट कर सम्मानित किया गया।
मिरगपुर की परंपराओं को बताया समाज के लिए प्रेरणास्रोत
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय वक्ताओं ने मिरगपुर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाबा मौलड पंवार के वंशजों के इस गांव की आबादी लगभग दस हजार है। वक्ताओं के अनुसार, गांव में पिछले करीब 500 वर्षों से बीड़ी, सिगरेट, मदिरा, मांस, लहसुन और प्याज का सेवन नहीं करने की परंपरा चली आ रही है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने अपने संबोधन में मिरगपुर की संयमपूर्ण जीवनशैली और परंपराओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी परंपराएं समाज को अनुशासन, संयम और सकारात्मक जीवनशैली की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने समाज के लोगों से अच्छी परंपराओं को आगे बढ़ाने तथा युवा पीढ़ी को सामाजिक मूल्यों से जोड़ने का आह्वान किया।
27 अक्टूबर की स्वाभिमान रैली में पहुंचने का संकल्प
राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे 27 अक्टूबर को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होने वाली गुर्जर स्वाभिमान रैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इसे सफल बनाएं। उन्होंने समाज की एकता को मजबूत करने और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने बाबा फकीरा दास को साक्षी मानकर समाज और युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए अपना समय समर्पित करने तथा रैली में दिल्ली पहुंचने का संकल्प लिया। सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए आपसी भाईचारा, शिक्षा, जागरूकता और संगठित प्रयास बेहद जरूरी हैं।
बड़ी संख्या में समाज के लोग रहे मौजूद
सम्मेलन में वीरेंद्र गुर्जर, अजीत सिंह, अर्णव चौधरी, भागवीर सिंह, कृष्णपाल सिंह, कंवरपाल मास्टर, विक्रम प्रधान, डॉ. सुभाष सिंह, सुखपाल सिंह, बलजोर सिंह, बिल्लू भगत जी, प्रीतम सिंह, सुरेंद्र फौजी, रामपाल सिंह, अर्जुन सिंह प्रधान, गुरनाम सिंह, मोहित कुमार और आजाद सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं आसपास के दर्जनों गांवों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और युवा पीढ़ी को शिक्षा एवं सकारात्मक दिशा देने के संकल्प के साथ हुआ।


