राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी का पगड़ी पहनाकर किया सम्मान, 27 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाली गुर्जर स्वाभिमान रैली को सफल बनाने का लिया संकल्प
ग्रेटर नोएडा, 18 अक्टूबर 2026। जगनपुर गांव में श्रीनिवास प्रधान के नेतृत्व में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा का अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में समाज की एकजुटता, शिक्षा, व्यवसाय, सामाजिक सुधार और राजनीतिक हिस्सेदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने समाज के लोगों से संगठित होकर आगे बढ़ने तथा सामाजिक कुरीतियों को दूर करने का आह्वान किया। साथ ही, 27 अक्टूबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली गुर्जर स्वाभिमान रैली को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का संकल्प लिया गया।
समारोह में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सविंदर भाटी, जगबीर दौला, पंकज रोसा, गौतम बुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी और अरुण भाटी सहित समाज के अनेक गणमान्य लोगों ने भाग लिया। ग्रामवासियों ने अतिथियों का पगड़ी पहनाकर और पुष्पमालाओं से स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जगदीश प्रधान ने की, जबकि मंच संचालन जितेंद्र नागर ने किया।
राजनीतिक हिस्सेदारी सुनिश्चित करने की उठी मांग
समारोह को संबोधित करते हुए महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने कहा कि गुर्जर समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने और शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय तथा सामाजिक विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए युवाओं को शिक्षित करना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सविंदर भाटी ने पटेल जयंती के उपलक्ष्य में 27 अक्टूबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली गुर्जर स्वाभिमान रैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज की एकता और सामूहिक भागीदारी से ही उसकी आवाज को मजबूती मिलती है।
सामाजिक कुरीतियों और फिजूलखर्ची पर रोक लगाने की अपील
गौतम बुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने सामाजिक सुधारों पर जोर देते हुए कहा कि विवाह समारोहों में डीजे, गोद भराई, बूरा खाने जैसी रस्मों तथा दिखावे पर होने वाले अनावश्यक खर्च से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामाजिक प्रतिष्ठा के नाम पर जरूरत से ज्यादा खर्च करना और इसके लिए कर्ज लेना परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ाता है। समाज को सादगीपूर्ण आयोजनों को प्रोत्साहित करना चाहिए।
अशोक भाटी ने दान-दहेज जैसी कुप्रथाओं पर रोक लगाने का समर्थन करते हुए महिलाओं से सोशल मीडिया के अनावश्यक इस्तेमाल से बचने की अपील भी की। उन्होंने समाज के लोगों से 27 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचकर गुर्जर स्वाभिमान रैली को सफल बनाने का आह्वान किया। उनके आह्वान पर उपस्थित लोगों ने रैली में भाग लेने और समाज की एकजुटता को मजबूत करने का संकल्प लिया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
लोकगीतों से दिया एकता का संदेश, भंडारे के साथ हुआ समापन
समारोह के दौरान लोकगायक हरेंद्र नागर एवं बेगराज नागर की टीम ने स्वागत गीत प्रस्तुत किए। कलाकारों ने अपने गीतों के माध्यम से समाज के लोगों को 27 अक्टूबर को दिल्ली में आयोजित गुर्जर स्वाभिमान रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने प्रस्तुतियों का उत्साहपूर्वक आनंद लिया।
इस अवसर पर राजेंद्र प्रधान, नेमबीर सरपंच, राजसिंह प्रधान, तोरण प्रधान, अजय चेयरमैन, श्यामी प्रधान, हंसराज बाबा, चंद्रपाल नेताजी, विनोद प्रधान, सतवीर प्रधान, अजय आर्य, सुरेंद्र प्रधान, चमन शास्त्री, बलराज प्रधान, सुनील नागर, सिंहराज गुर्जर, गजेंद्र रेक्सवाल, बालकिशन नेताजी, भंवर सिंह सरपंच, रामवीर सरपंच, मुनेंद्र नागर, भीम सिंह भाटी, नरेश चपरगढ़, महेंद्र नागर, हरस्वरूप आर्य, रोहतास चौधरी, रुपेश वर्मा, बाबूराम आर्य और प्रेम सिंह भाटी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
समारोह का समापन भंडारे के आयोजन के साथ हुआ। कार्यक्रम में समाज की एकता, सामाजिक सुधार और राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने 27 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाली गुर्जर स्वाभिमान रैली को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर भागीदारी निभाने का संकल्प दोहराया।


