विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) कार्यालय द्वारा “हम स्वस्थ तो भारत समृद्ध” थीम के अंतर्गत साइक्लिंग गतिविधि का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम फिट इंडिया मूवमेंट के “संडे ऑन साइकिल” अभियान के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य स्वास्थ्य, फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और नियमित शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
प्रातः 7:00 बजे विश्वविद्यालय के फैकल्टी हाउसिंग डी-ब्लॉक से प्रारंभ हुई इस साइक्लिंग रैली में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, कर्मचारियों, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों तथा अन्य उत्साही प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने विश्वविद्यालय परिसर में साइकिल चलाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और प्रदूषण मुक्त भारत के निर्माण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में डीन एकेडमिक्स प्रो. राजीव वार्ष्णेय, चीफ प्रॉक्टर डॉ. विक्रांत नयन, डीन स्टूडेंट अफेयर्स डॉ. सुशील कुमार सहित अनेक संकाय सदस्यों ने सहभागिता कर अभियान को सफल बनाया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
साइक्लिंग गतिविधि के दौरान प्रतिभागियों को नियमित व्यायाम, शारीरिक सक्रियता और सतत परिवहन के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने तथा दैनिक जीवन में साइकिलिंग को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। इस आयोजन ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सामुदायिक सहभागिता और पर्यावरणीय उत्तरदायित्व की भावना को भी मजबूत किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. नगेन्द्र सिंह ने प्रतिभागियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली की आदतों का विकास समय की आवश्यकता है।
डॉ. नगेन्द्र सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय परिसर एवं आवासीय क्षेत्र में “संडे ऑन साइकिल” अभियान के अंतर्गत नियमित रूप से साइक्लिंग गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक सप्ताहांत छात्रों, शिक्षकों, कर्मचारियों, स्थानीय निवासियों और उनके परिवारजनों को साइक्लिंग से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने बताया कि विशेष रूप से बच्चों को प्रेरित करने के लिए विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों और आकर्षक प्रोत्साहनों की भी योजना बनाई जा रही है, जिससे उनमें स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक आदतों का विकास हो सके।






