भूमि अधिग्रहण, 10% आवासीय भूखंड और प्राधिकरणों की अनदेखी के मुद्दे उठे, समाधान का दिलाया भरोसा
नोएडा। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत शनिवार को नोएडा पहुंचे, जहां उन्होंने गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद के किसानों के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान किसानों ने भूमि अधिग्रहण, 10 प्रतिशत आवासीय भूखंड, ग्रामीण क्षेत्रों के विकास तथा प्राधिकरणों द्वारा किसानों की उपेक्षा जैसे अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
बैठक में किसानों का नेतृत्व कर रहे भाकियू नोएडा जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि लंबे समय से किसान अपनी समस्याओं को विभिन्न प्राधिकरणों और प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष उठा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। किसानों ने मांग की कि उनकी जायज समस्याओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
किसानों की समस्याएं सुनने के बाद राकेश टिकैत ने भरोसा दिलाया कि हरिद्वार में आयोजित होने वाले चिंतन शिविर से लौटने के बाद संबंधित अधिकारियों के साथ वार्ता कर समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन हमेशा किसानों के अधिकारों, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी पूरी मजबूती से किसानों की आवाज उठाती रहेगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
16 से 18 जून तक हरिद्वार में होगा भाकियू का वार्षिक चिंतन शिविर
बैठक में 16 से 18 जून तक हरिद्वार में आयोजित होने वाले भारतीय किसान यूनियन के वार्षिक चिंतन शिविर की तैयारियों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। राकेश टिकैत ने कहा कि स्वर्गीय बाबा महेंद्र सिंह टिकैत द्वारा शुरू की गई यह परंपरा केवल संगठनात्मक बैठक नहीं, बल्कि किसान एकता, सामाजिक समरसता और विचार मंथन का महत्वपूर्ण मंच है।
उन्होंने बताया कि हर वर्ष देशभर से हजारों किसान और श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचकर गंगा स्नान, तीर्थ दर्शन तथा चिंतन शिविर में भाग लेते हैं। शिविर के दौरान राष्ट्रीय, प्रदेश, मंडल और जिला स्तर की समीक्षा बैठकें आयोजित की जाती हैं, जिनमें संगठन की गतिविधियों और भविष्य की रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया जाता है।
राकेश टिकैत ने किसान साथियों से अधिक से अधिक संख्या में हरिद्वार पहुंचकर चिंतन शिविर को सफल बनाने का आह्वान किया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
‘टिकैत रसोई’ के माध्यम से होगी सेवा
भाकियू नोएडा जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी चिंतन शिविर के दौरान तीनों दिन “टिकैत रसोई” संचालित की जाएगी, जिसके माध्यम से किसानों और श्रद्धालुओं की सेवा की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिविर की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और 15 जून को टिकैत रथ आवश्यक खाद्य सामग्री के साथ हरिद्वार के लिए रवाना होगा।
अशोक भाटी ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन किसानों के मुद्दों को मजबूती से उठाने के साथ-साथ सेवा और समर्पण की परंपरा को भी निरंतर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने क्षेत्र के किसानों से संगठन के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कई किसान नेता रहे मौजूद
इस अवसर पर एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) जिलाध्यक्ष अशोक भाटी, दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी, दिनेश नागर, दीपक नागर, सुभाष भाटी, चरण सिंह भाटी, देशराज प्रधान, कैलाश नागर, सतीश नागर, छतर सिंह नागर, भगवत नागर, किशन अवाना, लीलूराम मास्टर सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
भारतीय किसान यूनियन ने स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।






