फर्जी एयरलाइन टिकट बुकिंग के नाम पर अमेरिका और यूरोप के नागरिकों से करोड़ों की ठगी, 13 लैपटॉप और 16 मोबाइल बरामद
नोएडा, 14 जून 2026। थाना सेक्टर-63 पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी एयरलाइंस टिकट बुकिंग के नाम पर विदेशी नागरिकों से साइबर धोखाधड़ी करने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तकनीकी अभिसूचना और लोकल इंटेलिजेंस की सहायता से 13 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 13 लैपटॉप, 16 मोबाइल फोन, राउटर, हेडफोन सहित अन्य डिजिटल उपकरण और कूटरचित दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
अमेरिका और यूरोप के नागरिकों को बनाते थे निशाना
पुलिस जांच में सामने आया है कि अभियुक्त Google Ads और Facebook पर फर्जी ट्रैवल एवं एयरलाइन टिकट बुकिंग सेवाओं के विज्ञापन चलाकर अमेरिका और यूरोप के नागरिकों को अपने जाल में फंसाते थे। विज्ञापन देखकर जब विदेशी नागरिक दिए गए नंबरों पर संपर्क करते थे तो कॉल इनके लैपटॉप में इंस्टॉल डायलर सॉफ्टवेयर पर प्राप्त होती थी।
इसके बाद आरोपी स्वयं को एयरलाइन कंपनी या ट्रैवल एजेंसी का प्रतिनिधि बताकर कम कीमत में टिकट उपलब्ध कराने का झांसा देते थे। विश्वास जीतने के बाद विदेशी नागरिकों से डॉलर में भुगतान लिया जाता था। कई मामलों में फर्जी टिकट भेज दिए जाते थे, जबकि कई बार टिकट जारी ही नहीं किए जाते थे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
करीब 10 करोड़ रुपये के लेनदेन के मिले सबूत
बरामद डिजिटल उपकरणों की जांच में लगभग 10.50 लाख अमेरिकी डॉलर (करीब 10 करोड़ रुपये) के लेनदेन और विदेशी पीड़ितों का डेटा मिला है। इससे यह स्पष्ट हुआ है कि गिरोह संगठित तरीके से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साइबर ठगी को अंजाम दे रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी अधिकांश टिकट कई महीनों बाद की यात्रा के लिए बुक करते थे, जिससे पीड़ितों को धोखाधड़ी का पता देर से चलता था और तब तक आरोपी अपने मोबाइल नंबर एवं तकनीकी सिस्टम बदल देते थे।
उच्च शिक्षित और विदेशी लहजे में करते थे बातचीत
जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी उच्च शिक्षित हैं और अमेरिकी एवं यूरोपीय उच्चारण (Accent) में धाराप्रवाह बातचीत कर विदेशी नागरिकों को आसानी से विश्वास में ले लेते थे। इसी वजह से बड़ी संख्या में लोग इनके झांसे में आ जाते थे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बरामदगी
- 13 लैपटॉप
- 16 मोबाइल फोन
- 01 राउटर
- 10 माइक-हेडफोन
- कूटरचित दस्तावेज
- विदेशी ग्राहकों का डेटा एवं डिजिटल रिकॉर्ड
गिरफ्तार अभियुक्त
पुलिस ने इस मामले में दिल्ली, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, आगरा, वाराणसी, बुलंदशहर, हिमाचल प्रदेश और बिहार से जुड़े कुल 13 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिला आरोपी भी शामिल हैं।
संगठित साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता
गौतमबुद्धनगर पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता है। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कर गिरोह के नेटवर्क, सहयोगियों और वित्तीय लेनदेन की विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस का मानना है कि जांच के दौरान इस अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।






