ग्रेटर नोएडा। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में आयोजित एनसीसी संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC-130) के अंतर्गत बुधवार को राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) द्वारा विशेषज्ञ व्याख्यान एवं लाइव सामरिक प्रदर्शन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एनएसजी के वरिष्ठ अधिकारियों और कमांडोज़ ने कैडेटों को राष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकवाद-रोधी अभियानों तथा विशेष सुरक्षा संचालन की कार्यप्रणाली से परिचित कराया।
विश्वविद्यालय के प्रैक्टिस ग्राउंड में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में ब्रिगेडियर शंकर जी तिवारी, वीएसएम, डीआईजी (ऑपरेशंस), राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड ने कैडेटों को संबोधित करते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को समर्पण, साहस और कर्तव्यनिष्ठा को जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया तथा राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े अपने अनुभव साझा कर उन्हें प्रेरित किया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसके पश्चात एनएसजी कमांडोज़ ने विभिन्न सामरिक तकनीकों, त्वरित प्रतिक्रिया अभियानों, रेस्क्यू ऑपरेशनों और विशेष सुरक्षा कौशलों का जीवंत प्रदर्शन किया। कमांडोज़ द्वारा प्रदर्शित अद्भुत दक्षता, समन्वय और अनुशासन ने उपस्थित कैडेटों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान कैडेटों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा तंत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति के विकास का सशक्त माध्यम है। एनएसजी जैसे प्रतिष्ठित सुरक्षा बलों के अधिकारियों और कमांडोज़ के साथ संवाद युवाओं को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता है तथा उनके व्यक्तित्व को नई दिशा प्रदान करता है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव, स्कूल ऑफ वोकेशनल स्टडीज़ एंड एप्लाइड साइंसेज़ के डीन प्रो. चन्द्र कुमार सिंह, स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज़ के डीन प्रो. माधव गोविन्द, उप कुलसचिव प्रो. उत्तम कुमार, सहायक आचार्य डॉ. गौरव कुमार तथा विश्वविद्यालय एनसीसी समन्वयक एवं सहायक आचार्य डॉ. नितेश सिंह भाटी भी उपस्थित रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार्यक्रम के सफल आयोजन में 37 यूपी बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल संदीप पांडेय, लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष डोगरा, पीआई स्टाफ एवं एनसीसी प्रशिक्षण स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गौरतलब है कि गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में 10 जून से 19 जून 2026 तक आयोजित CATC-130 शिविर में लगभग 620 एनसीसी कैडेट प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। एनएसजी के विशेषज्ञ व्याख्यान और लाइव प्रदर्शन ने कैडेटों को राष्ट्रीय सुरक्षा तंत्र को निकट से समझने का अवसर प्रदान किया तथा उनमें राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना को और अधिक मजबूत किया।






