कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों शिक्षक, कर्मचारी, छात्र एवं परिजनों ने किया योगाभ्यास
ग्रेटर नोएडा, 21 जून 2026। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह, ऊर्जा और सामूहिक सहभागिता के साथ मनाया गया। विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स काउंसिल एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में फैकल्टी क्लब परिसर में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं उनके परिजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। 
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह के प्रेरणादायी संबोधन से हुआ। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाती है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास तनाव को कम करने, एकाग्रता बढ़ाने तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी उपस्थितजनों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इसके पश्चात प्रसिद्ध योग प्रशिक्षक वैशाली सिंह ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के वैज्ञानिक महत्व और स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से शांत और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदान करता है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
योग शिविर में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ शिक्षकों एवं अधिकारियों ने भी सक्रिय सहभागिता की। इस अवसर पर डॉ. मनमोहन सिंह, डॉ. सुशील कुमार, डॉ. दिनेश शर्मा, डॉ. शोभाराम, डॉ. एम. ए. अंसारी, डॉ. गौरव, डॉ. ओम्बिर, डॉ. निर्मिता, श्री उमाकांत एवं श्री योगेंद्र सहित अनेक गणमान्य शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर डीन एकेडमिक्स प्रो. राजीव वार्ष्णेय ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि योग स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन की आधारशिला है। ऐसे कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अंत में स्पोर्ट्स काउंसिल के अध्यक्ष एवं एनएसएस समन्वयक डॉ. नागेंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि, योग प्रशिक्षक एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में उनके सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार्यक्रम का समापन सामूहिक योग संकल्प के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ, जागरूक एवं संतुलित जीवन अपनाने का संकल्प लिया।






