आभूषण, कार और अवैध चाकू बरामद
ग्रेटर नोएडा। थाना दादरी पुलिस ने चोरी की एक वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, घटना में प्रयुक्त कार तथा एक अवैध चाकू बरामद किया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 27 जून 2026 को मैनुअल इंटेलिजेंस एवं गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुंवरपाल को डाबरा गांव स्थित श्मशान घाट के पास तथा काव्यांश गोयल को सिरसा कट के पास से गिरफ्तार किया गया। कुंवरपाल के कब्जे से चोरी के चांदी के आभूषण—एक कमरबंद, दो जोड़ी पायल, एक बिंदा, घटना में प्रयुक्त अर्टिगा कार (UP16KT8535) तथा एक अवैध चाकू बरामद किया गया। वहीं काव्यांश गोयल के कब्जे से एक डायमंड जड़ी सोने की अंगूठी, गला हुआ सोने का पेंडल और एक माथे का टीका बरामद हुआ।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी कुंवरपाल ने स्वीकार किया कि उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ 24 जून 2026 को दादरी क्षेत्र के सेक्टर ज्यू-3, बी-ब्लॉक स्थित एक बंद मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इस संबंध में थाना दादरी में पहले से मुकदमा दर्ज है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आरोपी ने बताया कि चोरी के बाद उसके हिस्से में आए चांदी के आभूषण उसने अपने पास रख लिए, जबकि सोने के आभूषण अपने साथियों के साथ मिलकर दनकौर निवासी ज्वेलर काव्यांश गोयल को बेच दिए। पुलिस के अनुसार, काव्यांश गोयल ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसे माल चोरी का होने की जानकारी थी, इसके बावजूद उसने कम कीमत पर खरीद लिया। उसने सोने के पेंडल और माथे के टीके को गलाकर सोने के दानों (रवे) में बदल दिया, जबकि डायमंड जड़ी अंगूठी अपने पास रख ली। इसके बदले आरोपियों को 20 हजार रुपये नकद दिए गए थे, जबकि शेष 1.50 लाख रुपये का भुगतान होना बाकी था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में कुंवरपाल (46 वर्ष) निवासी ग्राम इमलियाका, थाना इकोटेक प्रथम तथा काव्यांश गोयल (21 वर्ष) निवासी हथियापाड़ा, थाना दनकौर शामिल हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, घटना में प्रयुक्त अर्टिगा कार तथा एक अवैध चाकू बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।






