गौतमबुद्धनगर,
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गौतमबुद्धनगर के निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिवानी रावत ने गुरुवार को जिला कारागार, गौतमबुद्धनगर का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उप जेलर सुरजीत सिंह भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान सचिव शिवानी रावत को अवगत कराया गया कि वर्तमान में जिला कारागार में कुल 2,388 बंदी निरुद्ध हैं। उन्होंने किशोर बैरकों का निरीक्षण कर वहां निरुद्ध किशोर बंदियों से सीधे संवाद किया तथा उनके मुकदमों की वर्तमान स्थिति, विधिक सहायता की उपलब्धता एवं अन्य समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यकतानुसार समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश भी दिए।
इसके उपरांत सचिव ने जिला कारागार में संचालित लीगल एड सेल (विधिक सहायता प्रकोष्ठ) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कारागार में नियुक्त बंदी पैरा लीगल वालंटियर (PLV) द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं संधारित अभिलेखों का गहन अवलोकन किया तथा विधिक सहायता से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
निरीक्षण के दौरान बंदियों को समयबद्ध एवं प्रभावी विधिक सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। सचिव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा लीगल एड सेल की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा समय-समय पर किए जाने वाले ऐसे निरीक्षणों का उद्देश्य कारागारों में निरुद्ध बंदियों के विधिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना, उन्हें समय पर न्यायिक सहायता उपलब्ध कराना तथा कारागारों में विधिक सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाना है।






