सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक आयोजित सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत गुरुवार को विकासखंड जेवर कार्यालय में “सहकारिता का ग्रामीण विकास में योगदान” विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सहकारिता के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं समाजसेवी गोपाल कृष्ण अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख मुन्नी देवी रहीं। अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सहकारिता केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि सामूहिक विकास, आत्मनिर्भरता और सामाजिक समृद्धि का सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवाओं से सहकारिता की भावना को अपने जीवन में अपनाने और ग्रामीण विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सहकारिता के सिद्धांतों, सहकारिता विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं तथा ग्रामीण विकास में सहकारी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि सहकारिता के माध्यम से गांवों में आर्थिक सशक्तिकरण, रोजगार सृजन और सामाजिक विकास को नई गति मिल रही है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों के रचनात्मक विचारों और उत्साह की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का संचालन सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) आलोक रंजन ने किया। इस अवसर पर सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता विवेक यादव, अपर सांख्यिकी अधिकारी शिवानी सिंह, सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) मोहम्मद हसीब, शगुफ्ता मोबिन, अश्वनी यदुवंशी, समिति सचिव सहित अन्य विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सहकारिता सप्ताह के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण विकास को गति देने का संकल्प दोहराया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






