34.18 करोड़ रुपये स्वीकृत होने के बावजूद कार्य शुरू नहीं, सीईओ ने अधिकारियों को सिंचाई विभाग से समन्वय कर तत्काल कार्रवाई के दिए निर्देश
- 12 साल से बदहाल यमुना तट बांध सड़क, ग्राम विकास संगठन ने उठाई मरम्मत की मांग
- 34.18 करोड़ स्वीकृत, फिर भी नहीं शुरू हुआ काम; यमुना पुस्ता मार्ग की दुर्दशा पर सीईओ से शिकायत
- यमुना तट बांध सड़क की बदहाली पर ग्राम विकास संगठन मुखर, तत्काल सफाई और मरम्मत की मांग

यमुना मार्जिनल (यमुना तट/पुस्ता बांध) की चार लेन सड़क के वर्षों से लंबित अनुरक्षण, मरम्मत और सफाई को लेकर ग्राम विकास संगठन नोएडा ने एक बार फिर आवाज बुलंद की है। संगठन के संयोजक डी.पी. चौहान के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के नवनिर्मित कार्यालय में मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा तथा सड़क की जर्जर स्थिति, कटीली झाड़ियों और कूड़े के ढेरों से उत्पन्न हो रही समस्याओं से अवगत कराया।
ग्राम विकास संगठन नोएडा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने बताया कि वर्ष 2014 में नोएडा प्राधिकरण के वित्तीय सहयोग से निर्मित यमुना मार्जिनल बांध की चार लेन सड़क का निर्माण तो हुआ, लेकिन पिछले लगभग 12 वर्षों में इसका समुचित अनुरक्षण और मरम्मत नहीं कराई गई। उन्होंने कहा कि सेक्टर-94 स्थित गांव रायपुर से लेकर सेक्टर-135 के गांव नंगली वाजिदपुर तक लगभग 11.5 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर दोनों ओर और बीच में कटीली झाड़ियां उग आई हैं, जबकि कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे होने से राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अशोक चौहान ने बताया कि नोएडा प्राधिकरण द्वारा सिंचाई विभाग को सड़क की मरम्मत एवं अनुरक्षण कार्य के लिए 34.18 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया जा चुका है, जिसमें से 11 करोड़ रुपये की पहली किस्त भी सिंचाई विभाग को जारी कर दी गई है। इसके बावजूद मौके पर मरम्मत और सफाई का कार्य शुरू नहीं हुआ है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रतिनिधिमंडल की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने जीएम (सिविल) अशोक कुमार अरोड़ा को निर्देश दिए कि सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर यमुना मार्जिनल बांध सड़क की सफाई, झाड़ियों की कटाई और मरम्मत का कार्य तत्काल शुरू कराया जाए।
ग्राम विकास संगठन ने मांग की है कि इस परियोजना के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए, ताकि कार्यों की नियमित निगरानी हो सके और जिम्मेदारी तय की जा सके। संगठन का कहना है कि सड़क की सफाई और मरम्मत को लेकर वर्ष 2021 से लगातार मुख्यमंत्री पोर्टल (आईजीआरएस) पर शिकायतें दर्ज कराई जा रही हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
अशोक चौहान ने कहा कि यमुना तट बांध सड़क की मरम्मत और नियमित सफाई होने से रायपुर, बख्तावरपुर, असगरपुर, गढ़ी शाहपुर, शाहपुर गोवर्धनपुर, नंगली, नंगली वाजिदपुर, छपरौली, दोस्तपुर मंगरौली सहित आसपास के अनेक गांवों तथा सेक्टर-126 से 135 एवं सेक्टर-168 के हजारों निवासियों को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। इससे यात्रा सुगम होगी और प्रदूषण में भी कमी आएगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
ग्राम विकास संगठन ने मांग की है कि सेक्टर-94 के गांव रायपुर से सेक्टर-135 के गांव नंगली वाजिदपुर तक यमुना मार्जिनल (पुस्ता बांध) सड़क मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए, दोनों ओर एवं मध्य में उगी झाड़ियों की सफाई की जाए तथा पूरे मार्ग को कूड़ा मुक्त बनाकर आमजन के लिए सुरक्षित और सुगम बनाया जाए।






