पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा ने शुक्रवार को थाना सादाबाद एवं थाना चंदपा का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी सादाबाद श्री जे.एन. अस्थाना, क्षेत्राधिकारी नगर श्री हिमांशु माथुर, प्रभारी निरीक्षक सादाबाद श्री विजय सिंह एवं थानाध्यक्ष चंदपा श्री योगेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना सादाबाद में जनसहयोग से निर्मित आदर्श आरक्षी बैरक का फीता काटकर लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने थाना कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष, हवालात, मालखाना, महिला हेल्प डेस्क, मैस, शस्त्रागार एवं थाना परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। अभिलेखों एवं रजिस्टरों की जांच कर उन्हें अद्यतन रखने तथा सुव्यवस्थित रखरखाव के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत स्थापित मिशन शक्ति केंद्र का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि थानों पर आने वाली महिला फरियादियों की शिकायतों को शालीनता से सुनकर उनका त्वरित निस्तारण किया जाए। उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं को 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड लाइन सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक करने पर विशेष जोर दिया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
निरीक्षण के दौरान शस्त्रों की साफ-सफाई एवं रखरखाव, माल मुकदमाती वाहनों के उचित संरक्षण तथा लंबित वाहनों की शीघ्र नीलामी कराने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही थाना परिसर की बेहतर साफ-सफाई बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देशित किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनसुनवाई, महिला सुरक्षा, अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव तथा थाना परिसर की स्वच्छता पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।






