जेवर की बेटियों को बड़ी सौगात: इसी सत्र से शुरू होगा राजकीय महिला महाविद्यालय, 16 जुलाई से प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ
ग्रेटर नोएडा/जेवर, जेवर विधानसभा क्षेत्र की छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। जेवर का राजकीय महिला महाविद्यालय इसी शैक्षणिक सत्र से संचालित होने जा रहा है। महाविद्यालय में 16 जुलाई 2026 से ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि शासन द्वारा तीन शिक्षकों की तैनाती भी कर दी गई है।
करीब ₹9.42 करोड़ की लागत से प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (PMJVK) के अंतर्गत निर्मित यह महाविद्यालय क्षेत्र की छात्राओं को घर के निकट ही गुणवत्तापूर्ण स्नातक शिक्षा उपलब्ध कराएगा। इससे अब जेवर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज़ के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने इस अवसर को क्षेत्र की बेटियों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह महाविद्यालय केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण और बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन एवं निर्देशों के परिणामस्वरूप इसी शैक्षणिक सत्र से महाविद्यालय का संचालन संभव हो सका।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
विधायक ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता शिक्षा को गांव-गांव तक पहुंचाना और बेटियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह महाविद्यालय क्षेत्र में शिक्षा के नए आयाम स्थापित करेगा तथा बेटियों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
राजकीय महिला महाविद्यालय के संचालन से क्षेत्र में उच्च शिक्षा को नई गति मिलेगी और छात्राओं के लिए शिक्षा का मार्ग पहले की तुलना में अधिक सुलभ एवं सुविधाजनक होगा।






