नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 6.1 किलो अवैध गांजा के साथ पांच महिला तस्कर गिरफ्तार, कई के खिलाफ पहले से दर्ज हैं मुकदमे
थाना सेक्टर-20 नोएडा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 6 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। गिरफ्तार महिलाओं के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को लोकल इंटेलिजेंस एवं बीट पुलिसिंग की सहायता से सेक्टर-18 स्थित बिजली घर के पास बने पार्क में छापेमारी कर पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्ताओं की पहचान नेहा, प्रेमा, बिंदिया उर्फ सोनाक्षी, लक्ष्मी तथा सुशीला उर्फ करिश्मा के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 6 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया। बरामदगी के आधार पर थाना सेक्टर-20 में मु0अ0सं0 282/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्ताओं में से कई के खिलाफ लखनऊ, दिल्ली, आगरा और इटावा सहित विभिन्न जनपदों में चोरी, लूट और अन्य आपराधिक मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उनके आपराधिक नेटवर्क और गांजा तस्करी से जुड़े अन्य सहयोगियों के संबंध में भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद गौतमबुद्धनगर में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पूरे नेटवर्क का पता लगाकर उसे ध्वस्त करने की दिशा में कार्रवाई जारी रहेगी।






