हाथरस पुलिस की बड़ी सफलता: वाहन चोरी व मोबाइल छिनैती गैंग का भंडाफोड़, 4 शातिर गिरफ्तार; 4 बाइक और 3 मोबाइल बरामद
जनपद हाथरस की थाना सासनी पुलिस ने वाहन चोरी एवं मोबाइल छिनैती की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक सक्रिय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही पर चार चोरी की मोटरसाइकिलें और तीन चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में चलाए जा रहे संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में थाना सासनी पुलिस ने यह सफलता हासिल की। रात्रि गश्त एवं चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर किला सासनी क्षेत्र से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
सुनियोजित रणनीति से हुआ गिरोह का पर्दाफाश
पिछले तीन-चार महीनों से हाथरस जनपद में लगातार मोटरसाइकिल चोरी और मोबाइल छिनैती की घटनाएं सामने आ रही थीं। इन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस ने विशेष टीमों का गठन किया। यूपी-112 के डाटा, सर्विलांस, गूगल मैपिंग और अपराध प्रभावित हॉटस्पॉट का विश्लेषण कर पुलिस ने रणनीति तैयार की, जिसके आधार पर गिरोह तक पहुंचने में सफलता मिली।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पूछताछ में कई वारदातों का खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर मोटरसाइकिल चोरी, मोबाइल चोरी और छिनैती की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी के वाहनों और मोबाइल फोन को बाद में कम कीमत पर बेच देते थे।
पूछताछ में आरोपियों ने सासनी क्षेत्र से चोरी की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल छीनने, बुजुर्ग व्यक्ति से मोबाइल छिनैती, फरीदाबाद एवं पलवल से वाहन एवं मोबाइल चोरी सहित कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस इन घटनाओं का सत्यापन कर अन्य मामलों में भी कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त
- गौतम पुत्र महेश, निवासी हर्दपुर, थाना सासनी, हाथरस
- पुष्पेन्द्र उर्फ गुड्डा पुत्र महेन्द्र सिंह, निवासी सुमरतगढ़ी, थाना सासनी, हाथरस
- अंकित पुत्र नन्दकिशोर, निवासी हर्दपुर, थाना सासनी, हाथरस
- फरमान पुत्र आजाद, निवासी पर्वतिया कॉलोनी, 60 फुटा रोड, फरीदाबाद (हरियाणा)
बरामदगी
- हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP 86 AV 1110)
- एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (UP 86 Y 6204)
- हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल (UP 86 R 1138)
- मोटरसाइकिल (HR 50 F 4811)
- 01 रेडमी मोबाइल
- 01 टेक्नो पावा मोबाइल
- 01 वनप्लस मोबाइल
दर्ज मुकदमे
- मु0अ0सं0 272/2026, धारा 317(2)/317(5) बीएनएस, थाना सासनी
- मु0अ0सं0 269/2026, धारा 303(2) बीएनएस, थाना सासनी
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों एवं चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क का भी पता लगाया जा रहा है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक श्रीमती विपिन चौधरी के नेतृत्व में थाना सासनी पुलिस टीम ने अंजाम दिया।






