यथार्थ हॉस्पिटल पर चिकित्सीय लापरवाही का आरोप: पैर गंवाने वाले ओमवीर नागर को न्याय दिलाने के लिए मुख्यमंत्री से लगाई गुहार
दनकौर क्षेत्र के नवादा गांव निवासी ओमवीर नागर को कथित चिकित्सीय लापरवाही के मामले में न्याय दिलाने की मांग को लेकर करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को संबोधित ज्ञापन सौंपा। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जिला अध्यक्ष (युवा प्रकोष्ठ) गौरव भाटी के नेतृत्व में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनुराग सारस्वत को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
संगठन के अनुसार, सड़क दुर्घटना में पैर फ्रैक्चर होने के बाद ओमवीर नागर का उपचार ग्रेटर नोएडा स्थित यथार्थ हॉस्पिटल में कराया गया। आरोप है कि उपचार के दौरान कथित चिकित्सीय लापरवाही के चलते उनके पैर में गंभीर संक्रमण फैल गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि कई बार अस्पताल में भर्ती रहने और लगभग 9 लाख रुपये उपचार पर खर्च करने के बावजूद उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती गई। अंततः संक्रमण बढ़ जाने के कारण उनका पैर काटना पड़ा।
करप्शन फ्री इंडिया संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय ने कहा कि इस घटना के बाद ओमवीर नागर स्थायी दिव्यांगता का जीवन जीने को मजबूर हो गए हैं। उनका रोजगार प्रभावित हुआ है, परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहा है तथा बच्चों की शिक्षा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
संगठन ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि पूरे मामले की समयबद्ध, निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। यदि जांच में चिकित्सीय लापरवाही या अन्य अनियमितता सिद्ध होती है तो संबंधित अस्पताल एवं जिम्मेदार चिकित्सकों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा, आर्थिक सहायता, दिव्यांगजन योजनाओं का लाभ तथा आजीविका के लिए विशेष राहत उपलब्ध कराई जाए।
चौधरी प्रवीण भारतीय ने कहा कि यदि पीड़ित को शीघ्र न्याय नहीं मिला, तो संगठन यथार्थ हॉस्पिटल के मुख्य द्वार पर संवैधानिक और शांतिपूर्ण आंदोलन करेगा।
इस अवसर पर बलराज हूण, ब्रह्मपाल कपासिया, गौरव भाटी, जितेंद्र कुमार, धर्मेंद्र भाटी, रोहतास नागर, रिंकू बैंसला, दुलीचंद नागर, विजेंद्र नागर, बालेश्वर नागर, सुरेंद्र कुमार सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






