सांसद डॉ. महेश शर्मा की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा एवं स्कूल वाहनों की सुरक्षा को लेकर समीक्षा बैठक सम्पन्न
नोएडा-ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी के बढ़ते ट्रैफिक दबाव पर प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश
ब्लैक स्पॉट्स के स्थायी सुधार, आधुनिक ट्रैफिक प्रबंधन और स्कूल वाहनों की सुरक्षा पर विशेष जोर
गौतमबुद्धनगर, 01 अगस्त 2026। जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं सुरक्षित बनाने तथा विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद डॉ. महेश शर्मा की अध्यक्षता में संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति एवं जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव, परी चौक सहित प्रमुख चौराहों पर लगने वाले जाम और भविष्य की यातायात चुनौतियों को देखते हुए अधिकारियों को दीर्घकालिक एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के संचालन के साथ यातायात का दबाव और बढ़ेगा, इसलिए पहले से ट्रैफिक डायवर्जन एवं नियंत्रण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही शहर में कमर्शियल वाहनों के प्रवेश के लिए समय निर्धारण, निर्माण कार्यों में लगे प्रदूषण फैलाने वाले भारी वाहनों के खिलाफ संयुक्त अभियान तथा आधुनिक ट्रैफिक प्रबंधन प्रणाली लागू करने के निर्देश भी दिए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बैठक में जनपद के चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स की समीक्षा करते हुए सांसद ने एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी एवं संबंधित एजेंसियों को लंबित सुधार कार्य प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी ब्लैक स्पॉट्स पर वैज्ञानिक ढंग से स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टिव संकेतक, रोड मार्किंग, ट्रैफिक सिग्नल, स्ट्रीट लाइट, सुरक्षा बैरियर एवं सीसीटीवी कैमरे लगाने पर विशेष बल दिया।
सांसद ने सड़क सुरक्षा में जनसहभागिता बढ़ाने के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित करने का सुझाव भी दिया, जिसके माध्यम से नागरिक सड़क सुरक्षा संबंधी समस्याओं, सुझावों एवं दुर्घटना संभावित स्थलों की जानकारी सीधे संबंधित विभागों तक पहुंचा सकें।
विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी स्कूल वाहनों की फिटनेस जांच, जीपीएस ट्रैकिंग, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, आपातकालीन निकास, प्रशिक्षित चालक एवं सहायक स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों एवं वाहन संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बैठक में विधायक धीरेंद्र सिंह ने एनएचएआई गाजियाबाद के अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा ट्रैफिक पार्क निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने का सुझाव दिया। वहीं एमएलसी श्रीचंद शर्मा ने तिलपता क्षेत्र में निर्माणाधीन डिवाइडर के अधूरे कार्य को शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने पर जोर दिया।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी मेधा रूपम ने आश्वासन दिया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों एवं सुझावों का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराया जाएगा।
बैठक में विधायक तेजपाल नागर, विधायक धीरेंद्र सिंह, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, एमएलसी नरेंद्र भाटी, जिला पंचायत प्रशासक अमित कुमार, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष गीता पंडित, एसीईओ नोएडा सतीश पाल, एसीईओ ग्रेटर नोएडा सुमित यादव, मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






