DIG प्रभाकर चौधरी ने कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सिकन्द्राराऊ-कासगंज कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा, ट्रैफिक और कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
हाथरस, अलीगढ़ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) श्री प्रभाकर चौधरी ने शनिवार को हाथरस जनपद के सिकन्द्राराऊ-कासगंज कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा, अपर पुलिस अधीक्षक श्री रामानंद कुशवाहा तथा क्षेत्राधिकारी सिकन्द्राराऊ अमित पाठक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान DIG ने कांवड़ मार्ग पर बैरिकेडिंग, रूट डायवर्जन, पुलिस पिकेट, ड्यूटी व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा सुरक्षा इंतजामों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाएं, कोई भी ड्यूटी प्वाइंट खाली न छोड़ा जाए तथा लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखी जाए।
उन्होंने निर्देशित किया कि निर्धारित ट्रैफिक डायवर्जन योजना का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कांवड़ियों और आम नागरिकों दोनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए तथा किसी भी स्थान पर जाम की स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए। कांवड़ मार्ग पर नियमित पैदल एवं वाहन गश्त के साथ रात्रिकालीन ड्यूटी में विशेष सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए गए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
DIG ने सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और ड्रोन के माध्यम से निगरानी व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए सभी उपकरणों को लगातार सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखने, महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा एंटी रोमियो टीमों को सक्रिय रूप से गश्त करने के निर्देश भी दिए।
सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वाली या भ्रामक पोस्ट का तत्काल सत्यापन कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य, विद्युत, लोक निर्माण, नगर निकाय एवं अग्निशमन विभाग के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान DIG ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर उनकी तैयारियों की जानकारी ली और उन्हें पूरी संवेदनशीलता एवं मुस्तैदी के साथ कर्तव्यों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने कांवड़ियों के बीच पहुंचकर उनसे यात्रा के दौरान उपलब्ध सुरक्षा एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)






