गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का आयोजन, प्रधानमंत्री के संबोधन से जुड़े सैकड़ों युवा
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रव्यापी ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत रविवार को गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री के राष्ट्र के नाम संबोधन का विश्वविद्यालय परिसर में सजीव प्रसारण किया गया, जिसमें राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों, राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेट्स, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों सहित 100 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विश्वविद्यालय ने अभियान को केवल परिसर तक सीमित न रखते हुए डिजिटल माध्यम से भी व्यापक स्तर पर संचालित किया। नशामुक्ति एवं युवा जागरूकता विषय पर आयोजित ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में 500 से अधिक प्रतिभागियों ने सहभागिता कर अभियान के संदेश को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने युवाओं को विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए उन्हें नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त भारत के संकल्प को जन-आंदोलन का रूप देने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इस अभियान से जोड़ने की अपील की।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रधानमंत्री के संबोधन के उपरांत विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की सहभागिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नशामुक्ति विषय पर प्रश्नोत्तरी एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने नशे के सामाजिक, पारिवारिक और व्यक्तिगत दुष्प्रभावों पर अपने विचार रखते हुए स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार युवा पीढ़ी के निर्माण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. सुशील कुमार, एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. नागेन्द्र सिंह, एनसीसी अधिकारी डॉ. नितेश सिंह भाटी एवं डॉ. भावना जोशी, मुख्य छात्रावास अधीक्षक डॉ. प्रदीप तोमर तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गौरव कुमार सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा विश्वविद्यालय से समाज तक इस जन-जागरूकता अभियान का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में माननीय कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह के प्रेरणादायी नेतृत्व एवं प्रोत्साहन तथा कुलसचिव प्रो. चन्दर कुमार सिंह के प्रशासनिक सहयोग की सराहना की गई। साथ ही कार्यक्रम के सजीव प्रसारण, डिजिटल सहभागिता एवं तकनीकी व्यवस्थाओं के सफल संचालन में योगदान देने के लिए डॉ. अनुराग सिंह बघेल (अध्यक्ष, सेंटर फॉर कंप्यूटिंग एंड कम्युनिकेशन), डॉ. संदीप राणा (सिस्टम मैनेजर, सीसीसी) तथा सीसीसी के तकनीकी कर्मचारियों एवं सहयोगी स्टाफ का विशेष आभार व्यक्त किया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार्यक्रम के समापन पर गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय परिवार ने ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ के राष्ट्रीय संकल्प के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।






