ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा शालीमार गार्डन, अतिथियों ने फीता काटकर किया शिविर का उद्घाटन
गाजियाबाद। शालीमार गार्डन में अशोक भड़ाना शिव कांवड़ सेवा समिति द्वारा आयोजित शिव कांवड़ सेवा शिविर का शनिवार को श्रद्धा, सेवा और उत्साह के वातावरण में भव्य शुभारंभ किया गया। शिविर के उद्घाटन अवसर पर बड़ी संख्या में शिवभक्त एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और ‘हर-हर महादेव’ एवं ‘बोल बम’ के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सविंदर भाटी, के.पी. सिंह कसाना एवं गौतमबुद्धनगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी पहुंचे। आयोजकों द्वारा अतिथियों का ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया गया।
फीता काटकर किया शिविर का शुभारंभ
मुख्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर शिव कांवड़ सेवा शिविर का उद्घाटन किया। इसके बाद भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पुष्प अर्पित किए गए और कांवड़ियों की सेवा का विधिवत शुभारंभ हुआ।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस अवसर पर आयोजकों की ओर से अतिथियों को पगड़ी पहनाकर, पुष्पमाला, पटका, स्मृति चिह्न एवं भगवान भोलेनाथ का प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
15 वर्षों से निरंतर सेवा कर रहा भड़ाना परिवार
मुख्य अतिथि सविंदर भाटी ने कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से भड़ाना परिवार पिछले करीब 15 वर्षों से लगातार कांवड़ सेवा शिविर लगाकर शिवभक्तों की निस्वार्थ सेवा कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में सेवा, भाईचारे और आपसी सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं।
के.पी. सिंह कसाना ने कहा कि वह परिवार वास्तव में धन्य है, जो अपने दिवंगत भाई की स्मृति में प्रत्येक वर्ष कांवड़ियों की सेवा कर पुण्य कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन दिवंगत आत्मा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होने के साथ-साथ समाज के लिए भी प्रेरणादायक है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा कार्यक्रम स्थल
गौतमबुद्धनगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने आयोजकों द्वारा दिए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों की सेवा से बड़ा पुण्य कार्य कोई नहीं है। इस दौरान उन्होंने उपस्थित शिवभक्तों के साथ ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष लगाए।
शिविर में कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि शिवभक्तों की सुविधा और सेवा के लिए शिविर में आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में सुबोध भड़ाना, सुखबीर मास्टर जी, पप्पू पहलवान, सचिन चौधरी, विकास चौधरी और सुमित मावी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग, आयोजक समिति के सदस्य एवं शिवभक्त मौजूद रहे।






