जोखाबाद औद्योगिक क्षेत्र के प्रदूषण, बंद पड़ी पानी की टंकियों और गांवों में गंदगी की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
सिकंदराबाद। सिकंदराबाद तहसील में कथित भ्रष्टाचार एवं क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने ‘अगस्त क्रांति 2026’ के तहत तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के नगर अध्यक्ष मलखान सिंह यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार संजय सिंह को सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जोखाबाद औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण, वर्षों से बंद पड़ी पानी की टंकियों, गांवों में व्याप्त गंदगी एवं संक्रामक रोगों के खतरे तथा तहसील स्तर पर कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे प्रमुखता से उठाए।
15 गांवों में प्रदूषण से ग्रामीण परेशान : संगठन
करप्शन फ्री इंडिया संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय एवं प्रेमराज भाटी ने कहा कि जोखाबाद औद्योगिक क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से प्रदूषण की समस्या लगातार बढ़ रही है। संगठन का दावा है कि इससे आसपास के करीब 15 गांवों के ग्रामीण प्रभावित हैं और लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने कहा कि गांवों में नियमित सफाई नहीं होने के कारण जगह-जगह कूड़े और गंदगी के ढेर लगे हैं, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और औद्योगिक क्षेत्र से होने वाले प्रदूषण की प्रभावी निगरानी एवं रोकथाम की मांग की।
पानी की टंकियां बनीं शोपीस, ग्रामीणों को नहीं मिल रहा पानी
चौधरी प्रवीण भारतीय ने बताया कि हृदयपुर एवं सांवली गांवों में कई वर्ष पूर्व पानी की टंकियों का निर्माण कराया गया था, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि इन टंकियों से आज तक उन्हें नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं मिल सकी है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पानी की टंकियों की तकनीकी जांच कराकर उन्हें तत्काल चालू कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिल सके।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
तहसील में भ्रष्टाचार का आरोप, कार्रवाई की मांग
संगठन के पदाधिकारियों ने सिकंदराबाद तहसील में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों एवं आम लोगों को दाखिल-खारिज, कुरेबंदी, पैमाइश तथा विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र बनवाने के लिए बार-बार तहसील के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
संगठन ने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में कार्य कराने के लिए कथित रूप से सुविधा शुल्क की मांग की जाती है। प्रदर्शनकारियों ने तहसील स्तर पर पारदर्शी व्यवस्था लागू करने, लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने और भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन करते हुए अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन तहसीलदार संजय सिंह को सौंपा। संगठन ने मांग की कि क्षेत्र की जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए और संबंधित विभागों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं।
प्रदर्शन के दौरान प्रेमराज भाटी, बलराज हूंण, ब्रह्मपाल कपासिया, नीरज भड़ाना, राजकुमार पीलवान, मोहित अधाना, विजय प्रधान, मलखान यादव, जितेंद्र कुमार, जितेंद्र यादव, सूबेदार, जगबीर, कपिल चौधरी, सुनील कुमार, हुकम सिंह, राजकुमार चौधरी, कृष्णपाल, शादी राम, विपिन कुमार, सलमान खान, भारत सिंह, भगवान सिंह, नरेश, गजे सिंह, रवि कुमार सहित संगठन के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।






