डीपी चौहान के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एसीईओ वंदना त्रिपाठी को सौंपा ज्ञापन, सेक्टर-135 के सामने नया कट बनाने की मांग
नोएडा। ग्राम विकास संगठन नोएडा के संयोजक डीपी चौहान के नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने नोएडा प्राधिकरण के सेक्टर-96 स्थित मुख्य प्रशासनिक कार्यालय पहुंचकर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने सेक्टर-132 नोएडा के गोलचक्कर को हटाकर सड़क चौड़ी करने, नाले पर कलवर्ट बनाकर यू-टर्न तैयार करने तथा नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर चढ़ने के लिए सड़क चौड़ी करने पर प्रस्तावित 10.25 करोड़ रुपये के खर्च को लेकर आपत्ति जताई।
ग्राम विकास संगठन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने एसीईओ को अवगत कराया कि नोएडा प्राधिकरण के सोशल मीडिया अकाउंट पर 6 अगस्त 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सेक्टर-132 गोलचक्कर के विकास कार्य पर 10.25 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की जानकारी मिली है। संगठन का कहना है कि इस कार्य से क्षेत्र में लगने वाले जाम की मूल समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा और इतनी बड़ी धनराशि खर्च करना उचित नहीं है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कई गांवों और सेक्टरों के वाहनों के कारण बढ़ता है दबाव
अशोक चौहान ने बताया कि सेक्टर-132 गोलचक्कर पर सुबह, दोपहर और शाम के समय भारी यातायात दबाव रहता है। इसके पीछे प्रमुख कारण एक्सप्रेसवे पर चढ़ने के लिए मौजूद कट और आसपास के गांवों तथा सेक्टरों से आने-जाने वाले वाहनों की बड़ी संख्या है।
उन्होंने कहा कि गांव कोंडली, नंगली शाखपुर, नंगली नंगला, नंगली वाजिदपुर, छपरौली, दोस्तपुर मंरौली, दल्लूपुरा, याकूतपुर, मोहियापुर, गुलावली, झट्टा, बादौली सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। इसके अलावा सेक्टर 129, 130, 131, 133, 134, 135, 165, 166, 167 और 168 तथा यहां स्थित हाईराइज सोसायटियों, कंपनियों, मॉल और स्कूलों के कारण रोजाना बड़ी संख्या में वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं।
संगठन के अनुसार, इसी वजह से सेक्टर-129 से सेक्टर-132 गोलचक्कर तक नियमित रूप से जाम की स्थिति बनी रहती है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सेक्टर-135 के सामने नया कट बनाने का सुझाव
ग्राम विकास संगठन ने नोएडा प्राधिकरण को जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए सेक्टर-135 के सामने नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर वाहनों के चढ़ने के लिए नया कट बनाने का सुझाव दिया है।
अशोक चौहान ने कहा कि नया कट बनने से आसपास के गांवों, सेक्टरों और सोसायटियों से आने वाले वाहनों का दबाव सेक्टर-132 गोलचक्कर पर कम किया जा सकता है। संगठन का दावा है कि प्रस्तावित नए कट का निर्माण 10.25 करोड़ रुपये से कम लागत में होने की संभावना है।
कलवर्ट बनने से जलभराव की आशंका
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि सेक्टर-132 गोलचक्कर हटाकर नाले पर कलवर्ट बनाए जाने के बाद यदि उसकी नियमित सफाई नहीं हुई तो भविष्य में जलभराव की समस्या और गंभीर हो सकती है।
संगठन ने आशंका जताई कि 10.25 करोड़ रुपये खर्च करने के बाद भी सेक्टर-129 से गुलशन मॉल तक लगने वाले जाम की मूल समस्या का समाधान नहीं होगा।
भविष्य की यातायात जरूरतों की तैयारी की मांग
अशोक चौहान ने कहा कि संबंधित सेक्टरों में बड़ी संख्या में आवासीय परियोजनाएं और कंपनियां विकसित हो रही हैं। आने वाले समय में यहां आबादी और वाहनों की संख्या में और बढ़ोतरी होगी। ऐसे में नोएडा प्राधिकरण को भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अभी से स्थायी समाधान की दिशा में काम करना चाहिए।
ग्राम विकास संगठन ने नोएडा प्राधिकरण से मांग की कि सेक्टर-135 के सामने एक्सप्रेसवे पर नया कट बनाने का कार्य जल्द से जल्द शुरू किया जाए, ताकि सेक्टर-129 से सेक्टर-132 तक लगने वाले जाम से लोगों को स्थायी राहत मिल सके और सार्वजनिक धन का प्रभावी उपयोग हो।






