शहीदों को श्रद्धांजलि, वीर अग्निशमन कर्मियों को दो मिनट का मौन रखकर किया नमन; बच्चों की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने मोहा मन
ग्रेटर नोएडा
इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर द्वारा 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सेक्टर-31, इकोटेक-1, ग्रेटर नोएडा स्थित मुख्य कार्यालय में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उद्यमियों, औद्योगिक इकाइयों के कर्मचारियों, मातृशक्ति, बच्चों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति, सामाजिक एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम में भारतीय वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान श्रीमती निर्मल तंवर, कारगिल युद्ध के शौर्य पदक विजेता पूर्व मेजर श्री राकेश शर्मा, भारतीय नौसेना के पदक विजेता पूर्व कैप्टन श्री जयपाल सिंह भाटी, वरिष्ठ समाजसेवी श्री राहुल नंबरदार तथा वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राजेश शर्मा बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। सभी विशिष्ट अतिथियों ने आईबीए अध्यक्ष श्री अमित कुमार उपाध्याय एवं उनकी टीम के साथ ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
ध्वजारोहण के बाद सामूहिक रूप से राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का गायन किया गया। इस दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के गगनभेदी नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। उपस्थित उद्यमियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और तिरंगे की आन, बान एवं शान की रक्षा तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अमर शहीदों और वीर अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों एवं वीर बलिदानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही इकोटेक-3 स्थित फैक्ट्री में आग बुझाते समय कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले दो वीर अग्निशमन कर्मियों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह में बच्चों ने देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण में देशभक्ति का जोश भर दिया। उपस्थित अतिथियों एवं उद्यमियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर पूर्व मेजर श्री राकेश शर्मा, श्रीमती निर्मल तंवर, पूर्व कैप्टन श्री जयपाल सिंह भाटी, श्री राहुल नंबरदार एवं डॉ. राजेश शर्मा ने अपने प्रेरणादायी संबोधनों में युवाओं, उद्यमियों एवं समाज के प्रत्येक वर्ग से राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
“स्वतंत्रता केवल उत्सव नहीं, वीरों के बलिदान का परिणाम है” : अमित कुमार उपाध्याय
आईबीए अध्यक्ष श्री अमित कुमार उपाध्याय ने सभी अतिथियों, उद्यमियों, मातृशक्ति, बच्चों एवं उपस्थित नागरिकों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि “स्वतंत्रता केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि करोड़ों वीरों के त्याग, बलिदान और संघर्ष का अमूल्य परिणाम है। हम सभी का प्रथम कर्तव्य है कि राष्ट्रहित को हर व्यक्तिगत हित से ऊपर रखें और विकसित, आत्मनिर्भर तथा समृद्ध भारत के निर्माण में अपना सर्वोत्तम योगदान दें। यही सच्ची देशभक्ति और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति वास्तविक श्रद्धांजलि होगी।”
उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक प्रगति में उद्योग जगत की महत्वपूर्ण भूमिका है और उद्यमियों को रोजगार सृजन, आत्मनिर्भरता तथा सामाजिक विकास के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान निरंतर बढ़ाना चाहिए।
सैकड़ों उद्यमियों ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प
कार्यक्रम में महासचिव श्री सुनील दत्त शर्मा, कोषाध्यक्ष श्री राकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्री राजेश खन्ना, उपाध्यक्ष डॉ. खुशबू सिंह, उपाध्यक्ष श्री सुधीर त्यागी, कार्यकारिणी सदस्य श्री संजय त्यागी, श्री संजय पांचाल, श्रीमती ऋतु चौहान, श्रीमती ऋषिका उपाध्याय, श्री दक्ष शर्मा, श्री संजीव चौहान, श्री सुभाष चौहान सहित सैकड़ों उद्यमी, कर्मचारी, मातृशक्ति एवं बच्चे उपस्थित रहे।
समारोह का समापन “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” एवं “जय हिंद” के उद्घोषों के साथ हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रहित, समाजहित एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भारत को विश्व की अग्रणी शक्ति बनाने में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।


