10 प्रतिशत विकसित भूखंड, बैकलीज, नया भूमि अधिग्रहण कानून और किसानों के बच्चों को रोजगार समेत कई मांगें उठाईं

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय किसान यूनियन (कृषक) द्वारा किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर विशाल ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ सिग्मा-2 स्थित संगठन के कैंप कार्यालय से हुआ। यात्रा का नेतृत्व राष्ट्रीय संरक्षक प्रताप नागर एवं राष्ट्रीय संगठन मंत्री हरवीर सिंह ने किया। बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के कार्यकर्ता ट्रैक्टरों पर तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए।
ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा का समापन यमुना प्राधिकरण पर किया गया। यहां संगठन की ओर से किसानों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से किसानों को 10 प्रतिशत विकसित भूखंड, बैकलीज, नया भूमि अधिग्रहण कानून, किसानों के बच्चों को रोजगार तथा सर्किल रेट में बढ़ोतरी सहित अन्य मांगों को प्रमुखता से उठाया गया।
“किसानों की मांगों का समाधान जरूरी” : कृष्ण नागर
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण नागर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर निकाली गई तिरंगा यात्रा का उद्देश्य देश के अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करने के साथ-साथ किसानों की समस्याओं को सरकार और प्राधिकरण तक मजबूती से पहुंचाना है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने कहा कि किसान लंबे समय से अपने अधिकारों और विभिन्न मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाना आवश्यक है। उन्होंने सरकार से किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
“जवान और किसान का योगदान हमेशा स्मरणीय” : हरेंद्र नागर
राष्ट्रीय महासचिव हरेंद्र नागर ने कहा कि देश की आजादी के संघर्ष में किसानों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों का योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा।
उन्होंने कहा कि आजादी के पर्व पर तिरंगा यात्रा निकालकर किसानों ने देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया है। साथ ही किसानों की समस्याओं को लोकतांत्रिक तरीके से सरकार के समक्ष रखा गया है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार्यकर्ताओं का जताया आभार
संगठन के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एडवोकेट जीतू गुर्जर ने विशाल तिरंगा यात्रा को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं किसानों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसानों की एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और किसान हितों से जुड़े मुद्दों को आगे भी मजबूती से उठाया जाता रहेगा।
यात्रा के दौरान ट्रैक्टरों पर तिरंगा लहराता नजर आया और किसानों ने देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया।
इस अवसर पर हरवीर सिंह, प्रताप नागर, ऋषिपाल कसाना, सतपाल नागर, लीला नागर, हरेंद्र नागर, जीतू गुर्जर, कपिल कसाना, सिंहराज तंवर, सरजीत नागर, राकेश अवाना, जितेंद्र नागर, अरविंद पहलवान, राजीव भाटी, विकास नागर, भूरा नागर, मनोज जेवर, हसन खान, संजय नागर, नरेश जाट, नीरज भड़ाना, सौरव वर्मा, मेहित भाटी, सतीश बीडीसी, जगन सिंह, सुमित नागर, सोनिया सिंह, मनीष शर्मा, ऋषभ शर्मा, दीपक कुमार, देवेंद्र कसाना, सोविंदर चेची, सौरव भाटी, फिरे नंबरदार, दिनेश बसल, भगवान सिंह, राजकुमार सैनी, सतेंद्र नागर सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।


