
यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री राकेश कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ देश के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
अपने संबोधन में CEO राकेश कुमार सिंह ने स्वतंत्रता प्राप्ति के लिए देशवासियों द्वारा दिए गए त्याग और बलिदान को याद करते हुए स्वतंत्रता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने यमुना प्राधिकरण की उपलब्धियों और भविष्य की विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों एवं विकसित भारत-2047 की परिकल्पना को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने प्राधिकरण क्षेत्र में विकसित किए जा रहे विभिन्न औद्योगिक क्लस्टर आधारित पार्कों—मेडिकल डिवाइस पार्क, अपैरल पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क, डाटा सेंटर पार्क एवं सेमीकंडक्टर पार्क—की संभावनाओं और निवेश के अवसरों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जेवर एयरपोर्ट से विकास के नए अवसर
अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री शैलेन्द्र कुमार भाटिया ने स्वतंत्रता प्राप्ति के इतिहास एवं पिछले 80 वर्षों में भारत की उपलब्धियों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्वास्थ्य, खाद्यान्न उत्पादन, अंतरिक्ष विज्ञान, मानव विकास, लोकतंत्र, भारतीय सेना, कंप्यूटर, एआई एवं डिजिटल क्षेत्र सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश की प्रगति को रेखांकित किया।
उन्होंने जेवर एयरपोर्ट के निर्माण से क्षेत्र में खुलने वाले विकास के नए अवसरों पर चर्चा करते हुए कहा कि एयरपोर्ट के आसपास एमआरओ एवं एविएशन उद्योग के विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। साथ ही ईएमसी में इलेक्ट्रॉनिक उद्योगों तथा एचसीएल-फॉक्सकॉन सेमीकंडक्टर यूनिट सहित क्षेत्र में होने वाले औद्योगिक निवेश पर भी प्रकाश डाला।
श्री भाटिया ने कहा कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में हो रहे औद्योगिक एवं आधारभूत विकास से आने वाले वर्षों में रोजगार और निवेश के नए अवसर पैदा होंगे तथा 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में क्षेत्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
स्वतंत्रता और स्वाधीनता के विभिन्न आयामों पर चर्चा
अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री राजेश कुमार ने स्वतंत्रता और स्वाधीनता के बीच अंतर बताते हुए इसके विभिन्न सामाजिक एवं राष्ट्रीय आयामों पर अपने विचार रखे।
विशेष कार्याधिकारी श्री शैलेन्द्र सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए देशप्रेम, सौहार्द एवं मानवता की भावना से ओतप्रोत कविताओं और नज्मों के माध्यम से उपस्थित लोगों में राष्ट्रभक्ति का उत्साह भरा।
कार्यक्रम का संचालन महाप्रबंधक वित्त श्री अशोक कुमार सिंह ने किया।
स्कूली बच्चों एवं शिक्षकों को किया सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान CEO राकेश कुमार सिंह एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले स्कूली बच्चों एवं शिक्षकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना दिया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक परियोजना श्री राजेंद्र भाटी, भूलेख विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, सीनियर स्टाफ अफसर नंद किशोर सुंदरियाल, पुलिसकर्मी, भूतपूर्व सैनिक तथा प्राधिकरण के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह का समापन राष्ट्रभक्ति, विकास और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ।


