इटावा। आगरा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय विधान परिषद प्रत्याशी डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ ने इटावा पहुंचकर अपने चुनावी अभियान को गति दी। सत्यम शिवम मैरिज होम में आयोजित जनसभा एवं प्रेस वार्ता में उन्होंने शिक्षा, पारदर्शिता, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार और सामाजिक विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण संकल्प जनता के सामने रखे।
कार्यक्रम में पहुंचने पर समर्थकों एवं उपस्थित लोगों ने डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ का फूल-मालाओं से स्वागत किया। जनसभा में शिक्षक, छात्र, बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ ने कहा कि यदि उन्हें जनता का समर्थन और विधान परिषद में प्रतिनिधित्व का अवसर मिलता है तो शिक्षा एवं सामाजिक विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने प्रत्येक विकासखंड में आधुनिक ई-लाइब्रेरी स्थापित कराने तथा शहरी क्षेत्रों में प्रत्येक पांच किलोमीटर के दायरे में किसी विद्यालय में निःशुल्क लाइब्रेरी संचालित कराने का संकल्प व्यक्त किया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
महिलाओं एवं छात्राओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर उन्होंने प्रत्येक ब्लॉक तथा शहरी क्षेत्र में केंद्र स्थापित कर निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरण मशीन उपलब्ध कराने की बात कही। वहीं शिक्षित बेरोजगार युवाओं के मुद्दे को उठाते हुए उन्होंने सरकार से प्रतिवर्ष पांच हजार रुपये की सहायता राशि दिलाने की मांग को प्रमुखता से उठाने का वादा किया।
डॉ. कुलश्रेष्ठ ने वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक जिले में विज्ञान पार्क स्थापित कराने का संकल्प भी रखा। उन्होंने शिक्षित वरिष्ठ नागरिकों एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों की निगरानी समितियां गठित कर विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक निधि से होने वाले सभी विकास कार्यों तथा आय-व्यय का विवरण नियमित रूप से वेबसाइट पर सार्वजनिक किया जाना चाहिए, ताकि जनता को विकास कार्यों और सरकारी धन के इस्तेमाल की पूरी जानकारी मिल सके।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अपने संकल्प पत्र का उल्लेख करते हुए डॉ. राहुल राज कुलश्रेष्ठ ने मेधावी विद्यार्थियों के लिए जिला स्तर पर मेडिकल एवं इंजीनियरिंग शिक्षा की निःशुल्क व्यवस्था, वित्तविहीन विद्यालयों में अध्ययनरत आरटीई विद्यार्थियों को सहायता राशि दिलाने तथा विधायक निधि का उपयोग शिक्षा के विकास और गुणवत्ता सुधार के लिए सुनिश्चित कराने का संकल्प दोहराया।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि स्नातक वर्ग, युवाओं, शिक्षकों और समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं को मजबूती से विधान परिषद तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम में सौरभ श्रीवास्तव (इटावा, औरैया, कन्नौज प्रभारी), राजेश सक्सेना, संत सिंह चौहान, मोहम्मद शाहनवाज, सौरभ कुलश्रेष्ठ, बीनू चौहान, सुधीर श्रीवास्तव, विकास श्रीवास्तव, सागर भटनागर, मयंक चौधरी, लकी कुशवाहा, सूरज शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


